जेल बने सुधार और नई शुरुआत का केंद्र- कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी

कलेक्टर ने किया जिला जेल रामानुजगंज का निरीक्षण, व्यवस्थाओं की लिया जायजा

कैदियों से संवाद कर कौशल विकास के लिए किया प्रेरित

व्यक्तित्व विकास, पुनर्वास एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

बलरामपुर, 05 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिला जेल रामानुजगंज का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जेल में निरुद्ध कैदियों की संख्या, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेते हुए जेल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कैदियों के सुरक्षित, स्वस्थ वातावरण के साथ उनके पुनर्वास को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न बैरकों में जाकर निरुद्ध कैदियों से संवाद किया तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधितों से नियमित चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर ने कैदियों को सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने खाली समय का सदुपयोग पुस्तकों, पत्र-पत्रिकाओं एवं समाचार-पत्रों के अध्ययन में करें। उन्होंने समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण के प्रति उनकी रुचि भी जानी। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि जेल में रहते हुए ए.सी. रिपेयरिंग, इलेक्ट्रीशियन, मोबाइल रिपेयरिंग सहित अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त कर भविष्य में स्वरोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं।
कलेक्टर ने जेल के विभिन्न बैरकों, रसोईघर तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कैदियों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कैदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर ने जेल परिसर में नियमित योगाभ्यास कराने को कहा। साथ ही जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने के लिए परिसर में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों को सतत क्रियाशील एवं पूर्णतः दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि जेल केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि सुधार, पुनर्वास और नई शुरुआत का अवसर भी है। इसलिए कैदियों के कौशल संवर्धन और सकारात्मक जीवन दृष्टि विकसित करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास सुनिश्चित करें।

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

यातायात सुविधा को प्राथमिकता देते हुए वाड्रफनगर बायपास मार्ग का कराया गया सुधार कार्य

Sun Jul 5 , 2026
बारिश के बाद बिटुमिनस क्रांकिट मरम्मत से सड़क को मिलेगा और बेहतर स्वरूप बलरामपुर, 05 जुलाई 2026/ कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग ने जानकारी दी है कि जिले के विकासखंड वाड्रफनगर अंतर्गत बायपास मार्ग लंबाई 5.70 कि.मी. का निर्माण कार्य मेसर्स हर्ष कंस्ट्रक्शन कंपनी, ’अ’ वर्ग ठेकेदार, अंबिकापुर को 18 […]

You May Like

advertisement