
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : नगर निगम एवं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा बड़ा बाजार क्षेत्र में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक (SUP) के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दीनदयाल पैकर्स, कटरा मानराय, बड़ा बाजार, बरेली पर निरीक्षण किया गया, जहाँ प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री का विक्रय किया जाता पाया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई। नगर निगम की इंस्पेक्टर श्रीमती पूर्णिमा सिंह द्वारा संबंधित प्रतिष्ठान से ₹25,000 (पच्चीस हजार रुपये) का जुर्माना वसूल किया गया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को भविष्य में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का भंडारण एवं विक्रय न करने के सख्त निर्देश दिए गए।
अभियान में उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नैन सिंह, श्री महेंद्र प्रताप सिंह राठौड़, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से श्री लक्ष्मी नारायण एवं श्री अंकुर अग्रवाल, तथा नगर निगम की इंस्पेक्टर श्रीमती पूर्णिमा सिंह सहित संयुक्त टीम उपस्थित रही।
संयुक्त टीम ने व्यापारियों एवं आमजन से प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग एवं विक्रय न करने तथा पर्यावरण संरक्षण के हित में शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।


