माओवाद के प्रभाव से निकलकर विकास की नई राह पर कोनगुड़

अटल डिजिटल सेवा केंद्र से शासकीय सेवाएं हुईं सुलभ

महिलाओं को मिलेगी महतारी सदन की सौगात

कोंडागांव, 21 अगस्त 2026/ कोंडागांव जिले के दूरस्थ अंचल में बसे कोनगुड़ में अब बदलाव की तस्वीर साफ दिखाई दे रही है। कभी माओवाद की चुनौती से प्रभावित रहा यह क्षेत्र आज शासन की योजनाओं, जनसुविधाओं और विकास कार्यों से तेजी से जुड़ रहा है। जिस अंतिम छोर तक शासकीय सेवाओं की पहुंच आसान बनाना कभी बड़ी चुनौती थी, वहां अब अटल डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाओं का लाभ मिलने की राह आसान हुई है। साथ ही महिलाओं के लिए महतारी सदन जैसी सुविधा भी विकसित की जा रही है।
इसी क्रम में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग एवं केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने गुरुवार को फरसगांव विकासखंड के ग्राम कोनगुड़ में कुल 35 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया गया, वहीं 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले महतारी सदन भवन का भूमिपूजन किया गया।
कोनगुड़ की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और लंबे समय तक माओवादी गतिविधियों की चुनौती से प्रभावित रहे इस क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना आसान नहीं था। सड़क, संचार और शासकीय सेवाओं की पहुंच के साथ सुरक्षा भी एक बड़ी चुनौती रही। लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ शासन और प्रशासन की पहुंच भी गांवों तक बढ़ रही है। विकास कार्यों के लिए रास्ते खुल रहे हैं और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हुई है। कोनगुड़ में अटल डिजिटल सेवा केंद्र का लोकार्पण इसी बदलते माहौल की एक महत्वपूर्ण तस्वीर है।
अब विकास का मतलब केवल सड़क और भवन तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार की सेवाओं को ग्रामीणों के दरवाजे तक पहुंचाना भी है। 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र ग्रामीणों के लिए खासा उपयोगी साबित होगा। दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को अक्सर छोटे-छोटे शासकीय कार्यों के लिए भी दूर स्थित कार्यालयों तक जाना पड़ता है। इसमें समय, श्रम और धन तीनों खर्च होते हैं।
डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीणों के लिए सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी और उन्हें अनावश्यक रूप से दूर जाने की आवश्यकता कम होगी। यह केंद्र डिजिटल सुविधा के साथ-साथ शासन और ग्रामीणों के बीच की दूरी कम करने का माध्यम बनेगा। डिजिटल युग में गांवों तक तकनीक की पहुंच बढ़ना इस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव है।
इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री मानकू राम नेताम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

अटेवा की भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, पुरानी पेंशन बहाली और TET अनिवार्यता समाप्त करने की उठी मांग

Fri Aug 21 , 2026
​आजमगढ़: पुरानी पेंशन (OPS) की बहाली, NPS व UPS के विरोध, निजीकरण पर रोक तथा राइट टू एजुकेशन (RTE) लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर TET की अनिवार्यता समाप्त करने जैसी प्रमुख मांगों को लेकर अटेवा (ATEWA) के बैनर तले विशाल ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। ​जिला मुख्यालय […]

You May Like

advertisement