कुवि ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष मुक्केबाजी प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान

कुवि कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने दी बधाई।
कुरुक्षेत्र, (प्रमोद कौशिक) 9 मार्च : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में 2 से 8 मार्च तक आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष मुक्केबाजी प्रतियोगिता सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल अपने सभी दस खिलाड़ियों को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए क्वालीफाई कराया, बल्कि दो गोल्ड, चार सिल्वर और तीन ब्रोंज मेडल जीतकर टीम ने समग्र रूप से पहला स्थान हासिल किया।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के मुक्केबाज गंगा (55 किलोग्राम) और पंकज (65 किलोग्राम) ने गोल्ड मेडल जीतकर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं 60, 70, 75 और 90+ किलोग्राम भार वर्ग में मिलन, संचित, उदय सिंह और आदित्य ने सिल्वर मेडल अपने नाम किए। इसके अलावा 50, 80 और 85 किलोग्राम भार वर्ग में मोहित, कृष और विशेष कुमार ने ब्रोंज मेडल जीतकर टीम के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस उपलब्धि पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के मुक्केबाजों ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है, बल्कि यह साबित किया है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
वहीं कुलसचिव डॉ. वीरेंद्र पाल ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की लगन, कोचों के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से यह शानदार सफलता संभव हुई।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि खेल परिषद के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का मंच प्रदान किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. अमित कुमार ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के मुक्केबाजी कोच राजेश कुमार राजौंद के योगदान की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में अर्जुन अवार्डी मनोज कुमार और अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज मुकेश कुमार जैसे अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि कोच राजेश कुमार राजौंद ने निष्पक्षता, समर्पण और दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ मुक्केबाजी खेल को नई दिशा दी है तथा युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।
खेल निदेशक प्रो. दिनेश राणा ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए देशभर से आई टीमों, कोचों और बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका खेलों के प्रति समर्पण और प्रतिबद्धता ही इस सफल आयोजन का मुख्य कारण है। उन्होंने विश्वविद्यालय के मुक्केबाजी कोच राजेश कुमार राजौंद के नेतृत्व और बॉक्सिंग के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की भी सराहना करते हुए कहा कि वह इस खेल को जीते हैं और उनके लिए बॉक्सिंग भगवान के समान है। पिछले दस दिनों में उन्होंने इस चैम्पियनशिप को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम का मंच संचालन बॉक्सिंग कोच राजेश कुमार राजौंद ने किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन, दिन-रात मेहनत करने वाले वालंटियरों और देशभर से आए खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह के दौरान डायरेक्टर कम्पटीशन डॉ. प्रदीप ढाका, एआईयू ऑब्जर्वर डॉ. सुनील पुरोहित, बॉक्सिंग फेडरेशन के ऑब्जर्वर कुलदीप शर्मा, खेल निदेशालय के कोच राजेश, रमेश, मोनिका, मलकीत, सहायक स्टाफ और विजेता खिलाड़ी उपस्थित रहे।



