गोसाईगंज बाजार में सोमवार की दोपहर घर में घुसकर मनबढ़ों ने एक महिला को गोली मारी
पूर्वांचल ब्यूरो
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के गोसाईगंज बाजार में सोमवार की दोपहर घर में घुसकर मनबढ़ों ने एक महिला को गोली मार दी। चेहरे पर कान के पास गोली लगने से महिला घायल हो गई।
उसे सीएचसी लालगंज में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घायल महिला का वाराणसी के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा। जहां हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के परिवारवालों ने घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।
घायल महिला धारा देवी (40) पत्नी अशोक गिरी है। वह देवगांव कोतवाली क्षेत्र के गोसाईगंज बाजार की रहने वाली है। महिला की जेठानी तारा देवी ने बताया कि सोमवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे उसकी देवरानी धारा देवी घर में मौजूद थी। वह कोई काम कर रही थी। तभी चार लोग आए और धारा को लक्ष्य कर गोली चला दिया। गोली उसके चेहरे पर कान के पास लगने से बेहोश हो गई। जबकि हमलावर फरार हो गए। धारा देवी को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। धारा को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां हालत गंभीर बनी हुई है। तारा देवी ने बताया कि धारा देवी को गोली मारने वालों से पुरानी रंजिश चलती है। कोतवाल देवगांव शशिमौली पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं दर्ज है, ना ही तहरीर मिली है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच पड़ताल कर रही है।