
लोकेशन रायबरेली
रिपोर्टर विपिन राजपूत
मातृभूमि सेवा मिशन इकाई ने नवागंतुक डीएम सरनीत कौर ब्रोका से की शिष्टाचार भेंट
राणा बेनी माधव सिंह पार्क के विकास व जनसुविधाओं को लेकर रखी प्रमुख मांगें
पेयजल, प्रकाश व्यवस्था का कराया ध्यानाकर्षण
डीएम ने समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश,
रायबरेली। नवागंतुक जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका से मातृभूमि सेवा मिशन, धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र, (अध्यात्म प्रेरित सेवा संस्थान) इकाई रायबरेली के प्रतिनिधि मंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर डीएम से जनपद में सेवा, समर्पण एवं जनकल्याणकारी कार्यों को लेकर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल में इकाई के संयोजक प्रदीप पांडेय, संरक्षक महेंद्र अग्रवाल, सहसंयोजक रामानुज मिश्रा एवं मंडल अध्यक्ष भगवत प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंटकर मातृभूमि सेवा मिशन का अंगवस्त्रम एवं स्वामी विवेकानंद जी की प्रेरणादायी छवि भेंट कर गरिमामयी स्वागत व सम्मान किया। प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को जनहितकारी एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मिशन की ओर से शहीद स्मारक स्थल राणा बेनी माधव पार्क के समुचित विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और ज्ञापन दिया गया। इस पार्क में आने वाले योग साधकों एवं आम नागरिकों के लिए पेयजल हेतु इंडिया मार्का हैंडपंप एवं आरओ पेय जल प्रणाली, प्रकाश व्यवस्था के लिए हाईमास्ट लाइटें तथा पार्क में बदहाल पड़े पुरुष एवं महिला शौचालयों के पुनः संचालन एवं नियमित साफ सफाई-रखरखाव की मांग शामिल रही। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इकाई की यह अनूठी पहल प्रशासन और समाजसेवा के बीच समन्वय को सुदृढ़ करने तथा जनहितकारी कार्यों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरक कदम माना जा रहा है। इससे पूर्व इकाई को ओर से शुक्रवार को प्रातः शहीद स्मारक पार्क में मातृभूमि सेवा मिशन द्वारा योग एवं सेवा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य एवं जागरूकता के प्रति रुचि दिखाई। योग साधकों ने नियमित योग को जीवनशैली में अपनाने का भी संकल्प लिया।


