
एटीएल, रोबोटिक्स एवं एस्ट्रोनॉमी लैब के प्रभावी संचालन हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 15 जुलाई : विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं आधुनिक तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला कुरुक्षेत्र के 18 अटल टिंकरिंग लैब युक्त राजकीय विद्यालयों के प्राचार्यों एवं एटीएल प्रभारी विज्ञान शिक्षकों के लिए एटीएल, रोबोटिक्स एवं एस्ट्रोनॉमी लैब विषय पर चार दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उमरी में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना समन्वयक कृष्ण कुमार ने की। प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के सभी पीएम श्री विद्यालयों के प्राचार्य भी भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब, रोबोटिक्स एवं एस्ट्रोनॉमी लैब का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करना तथा विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जोडऩा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं पीएम श्री योजना के अनुरूप विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, डिज़ाइन थिंकिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, 3-डी प्रिंटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को अत्याधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग के लिए सक्षम बनाएंगे।शिक्षक केवल विषय-वस्तु पढ़ाने तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शक और सुविधादाता बनें। विद्यार्थियों को प्रश्न पूछने, नए विचार प्रस्तुत करने, प्रयोग करने और अपनी गलतियों से सीखने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीपीसी कृष्ण कुमार ने कहा कि विद्यालयों में स्थापित आधुनिक प्रयोगशालाओं का अधिकतम उपयोग तभी संभव है जब शिक्षक इन उपकरणों का व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त करें। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने तथा विद्यार्थियों में नवाचार एवं अनुसंधान की भावना विकसित करने का आह्वान किया।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तरसेम कौशिक ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिला कुरुक्षेत्र में इस शैक्षणिक सत्र में 17 नए सरकारी विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब स्थापित की गई हैं तथा पूर्व से संचालित जीएसएसएस कनिपला सहित जिले के कुल 18 विद्यालयों में आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से युक्त एटीएल संचालित हैं।इन सभी विद्यालयों में आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की नवीनतम तकनीकों का व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अटल टिंकरिंग लैब की कार्यप्रणाली, रोबोटिक्स किट, माइक्रोकंट्रोलर, सेंसर आधारित परियोजनाएं, 3-डी प्रिंटिंग, कोडिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिज़ाइन थिंकिंग तथा एस्ट्रोनॉमी लैब में उपलब्ध उपकरणों के प्रभावी उपयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त विद्यालय स्तर पर नवाचार आधारित परियोजनाओं, विज्ञान मॉडल निर्माण तथा विद्यार्थियों में अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर रामराज कौशिक, जि़ला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तरसेम कौशिक, प्राचार्य राजेश सैनी, अश्वनी कौशिक, सुषमा शर्मा, राजेश भारद्वाज, राजेश कुमार, मनीराम, मेंटर्स इत्यादि उपस्थित रहे।

