
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर सांसद नवीन जिन्दल कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में भीषण गर्मी से बचाव के लिए करवा रहे व्यवस्था।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 29 मई ; भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सांसद नवीन जिन्दल के निर्देश पर कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, बस अड्डों, बाजारों, तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर पानी के मटके रखवाने और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करवाई जा रही है।
सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि इस समय हरियाणा के अनेक क्षेत्र भीषण गर्मी की चपेट में हैं। ऐसे में प्यासे राहगीरों के लिए पानी की व्यवस्था करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी लोगों से इस कठिन समय में एक-दूसरे की सहायता करने का आह्वान किया गया है
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति पानी के अभाव में परेशान न हो, इसके लिए उनकी टीम लगातार जनहित के कार्यों में जुटी हुई है। इसी कड़ी में सार्वजनिक स्थानों पर मटके रखवाकर ठंडे एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जबकि कुछ निर्धारित स्थानों पर वाटर कूलर लगवाने का प्रावधान किया जा रहा है। ताकि राहगीरों, श्रमिकों, रिक्शा चालकों, किसानों और जरूरतमंद लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे अपने घरों, दुकानों और संस्थानों के बाहर पानी के मटके अथवा प्याऊ की व्यवस्था करें। साथ ही पक्षियों और पशुओं के लिए भी पानी के बर्तन रखें। उन्होंने कहा कि सेवा और संवेदना की यही भावना भारतीय संस्कृति की पहचान है।
उपरोक्त जानकारी देते हुए सांसद नवीन जिन्दल के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सामूहिक प्रयासों से भीषण गर्मी की इस चुनौती का सामना किया जा सकता है और जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाई जा सकती है।


