
नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा 16 मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए कराया गया प्री- ऑपरेटिव टैस्ट
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
संवाददाता पिपली – वरुण कौशिक।
कुरुक्षेत्र, पिपली 23 अप्रैल : नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा जिन्दल हाउस में, थानेसर हल्का क्षेत्र के 16 चिन्हित मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए प्री- ऑपरेटिव (ऑपरेशन पूर्व) टेस्ट सफलतापूर्वक सम्पन्न कराए गए।
इस दौरान सभी मरीजों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच जैसे ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर, एचआईवी, एचसीवी तथा हेपेटाइटिस बी की जांच की गई, ताकि ऑपरेशन से पहले उनकी स्वास्थ्य स्थिति का समुचित आकलन किया जा सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि “कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र सशक्तिकरण अभियान” के अंतर्गत थानेसर क्षेत्र में आयोजित हेल्थ कैंप के माध्यम से मोतियाबिंद के मरीजों की पहचान की गई थी। अब इन चिन्हित मरीजों को बुलाकर उनके प्री-ऑपरेटिव टेस्ट कराए गए हैं, जिसके उपरांत उन्हें मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज, हिसार ले जाया जाएगा। ऑपरेशन से लेकर आवागमन का सारा खर्च नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा ही उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे स्वस्थ जीवन जी सकें। इस पहल के माध्यम से अनेक लोगों की आंखों की रोशनी लौटाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनके जीवन में पुनः उजाला आ सके।
उल्लेखनीय है कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन लगातार स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज के कमजोर वर्गों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।


