
आजमगढ़। विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज कार्यालय में नवागत जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) कुमार अमरेंद्र ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत राज विभाग को जनपद में उत्कृष्ट पहचान दिलाने के लिए सभी को निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता विभाग को जनपद में नंबर वन बनाना है। इसके लिए सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की जो भी समस्याएं या परेशानियां होंगी, उन्हें अवगत कराया जाए, उनका त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सीपी यादव अपने साथियों के साथ पहुंचे और भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर नवागत डीपीआरओ का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुमार अमरेंद्र के आगमन से विभाग को नई दिशा मिलेगी और जनपद का गौरव बढ़ेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कर्मचारी वर्ग उनके निर्देशों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करेगा।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत संघ के जिला अध्यक्ष आशीष सिंह एवं जिला महामंत्री अनिल कुमार ने बुके एवं माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं। वहीं सहायक विकास अधिकारी पंचायत जेपी सिंह ने भी बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में प्रशांत यादव, राहुल द्विवेदी, ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला महामंत्री ओंकारनाथ, कोषाध्यक्ष राजेंद्र चौहान, जिला संगठन मंत्री अखिलेश कुमार यादव, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया, तहबरपुर ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र कुमार, अशोक कुमार सहित अनेक कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


