पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल के उझानी रेलवे स्टेशन एवं पूरनपुर रेलवे स्टेशन से अलग -अलग दिशाओं को नई रेल गाड़ियां चलने के लिए लिए हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )

बरेली :पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल के उझानी रेलवे स्टेशन पर आज आयोजित समारोह में माननीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री, भारत सरकार श्री बी. एल. वर्मा तथा पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने कासगंज-ऐशबाग-कासगंज दैनिक एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 15312/15311 के उद्घाटन के अवसर पर उद्घाटन विशेष गाड़ी संख्या 05018 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उझानी रेलवे स्टेशन पर माननीय राज्य मंत्री श्री बी. एल. वर्मा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में देश में रेलवे अवसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि कासगंज, उझानी एवं बदायूं क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए कासगंज-ऐशबाग दैनिक एक्सप्रेस की सौगात दी गई है। इस ट्रेन के संचालन से स्थानीय जनता, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा नौकरीपेशा लोगों को बदायूं, बरेली, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर एवं लखनऊ तक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं नियमित रेल संपर्क उपलब्ध होगा। उन्होंने रेलवे द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुर्नविकसित उझानी स्टेशन के आधुनिकीकरण तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन की सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए सदस्य (विधान सभा), बिल्सी श्री हरीश चन्द्र शाक्य तथा सदस्य (विधान सभा),बदायूं श्री महेश चन्द्र गुप्ता ने इस नई रेल सेवा के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह ट्रेन क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
इसी क्रम में पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने कहा कि कासगंज-ऐशबाग दैनिक एक्सप्रेस के संचलन से पीलीभीत, पूरनपुर, एवं मैलानी क्षेत्र वासियों की लखनऊ जाने के लिए लंबे समय से लंबित मांग को आज पूरा किया जा रहा है। कासगंज-ऐशबाग दैनिक एक्सप्रेस के संचलन से किसान, युवा साथी व दैनिक यात्री बड़ी संख्या में बरेली एवं लखनऊ जाने के लिए लाभान्वित होगें तथा पीलीभीत एवं पूरनपुर टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने इस रेल सेवा के लिए माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में माननीय सदस्य (विधान सभा) श्री बाबूराम पासवान, माननीय सदस्य (विधान परिषद) डा0 सुधीर गुप्ता तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी नई रेल सेवा का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और माननीय प्रधानमंत्री तथा माननीय रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
इससे पूर्व उझानी रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में माननीय जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से कासगंज, बदायूं एवं उझानी के यात्रियों को बरेली, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर होते हुए उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक सीधा रेल संपर्क प्राप्त होगा। इससे व्यापार, रोजगार, चिकित्सा तथा उच्च शिक्षा के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इज्जतनगर मंडल अपने यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
पूरनपुर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में माननीय जनप्रतिनिधियों का स्वागत अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार ने किया। इस अवसर पर मंडल के सभी शाखाधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
27 जुलाई, 2026 से नियमित गाड़ी संख्या 15312/15311 कासगंज-ऐशबाग-कासगंज दैनिक एक्सप्रेस का संचालन प्रारंभ हो जायेगा। यह गाड़ी दोनों दिशाओं में एलएचबी रेक के साथ संचालित होगी, जिसमें 01 पावर कार, 01 एसएलआर, 04 अनारक्षित द्वितीय श्रेणी, 09 नॉन एसी चेयर कार तथा 01 वातानुकूलित चेयर कार सहित कुल 16 कोच लगाए गए हैं।
गाड़ी संख्या 15312 कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस कासगंज से प्रातः 04ः20 प्रस्थान कर, उझानी से 05ः02 छूटकर, बदायूं 05ः25, बरेली जं. 06ः15, इज्जतनगर 06ः37, पीलीभीत 07ः40, पूरनपुर 08ः40, मैलानी 09ः30, गोला गोकरननाथ 09ः50, लखीमपुर 10ः26, सीतापुर जं. 10ः52, सिधौली 11ः46, मोहिबुल्लापुर से 12ः23 बजे छूटकर ऐशबाग जं0 13ः00 बजे पहुँचेगी तथा वापसी में गाड़ी संख्या 15311 ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस ऐशबाग जं0 से 14ः00 बजे प्रस्थान कर, मोहिबुल्लापुर 14ः20 बजे छूटकर, सिधौली 14ः58, सीतापुर जं. 15ः20, लखीमपुर 16ः10, गोला गोकरननाथ 16ः40, मैलानी 17ः25, पूरनपुर 17ः52, पीलीभीत 18ः45, इज्जतनगर 19ः35, बरेली जं. 20ः10, बदायूं 21ः10, उझानी से 21ः25 बजे छूटकर कासगंज जं0 रात्रि 22ः40 बजे पहुँचेगी।

VV NEWS

राष्ट्रीय कार्यालय रमाकान्त पाण्डेय(गोपालपुरी) संरक्षक/संस्थापक ग्राम व पोस्ट- गोपालपुर (टावर) थाना व तहसील- मेहनगर जिला-आजमगढ़, उत्तर प्रदेश पिंन कोड़-276204 मोबाईल-9838825561,7054825561 हेंड कार्यालय/प्रशासनिक कार्यालय जितेंद्र पटेल (प्रमुख संपादक/प्रशासनिक संपादक) ग्राम व पोस्ट- 495668 थाना व तहसील-जांजगीर जिला-जांजगीर (छत्तीसगढ) पिंन कोड़-495668 मोबाईल-6265564514

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

दैवीय शक्तियों एवं विश्व परिवर्तन पर हुआ भव्य सेमिनार

Mon Jul 27 , 2026
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता ) बरेली : रोटरी क्लब ऑफ बरेली नॉर्थ एवं पूजा सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को डी.डी. पुरम स्थित अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक सभागार में “दैवीय शक्तियों, उनके चमत्कारिक संदेशों एवं विश्व परिवर्तन” विषय पर भव्य आध्यात्मिक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक […]

You May Like

Breaking News

advertisement