प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर

शहर के लोहिया चौक में तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ

नगर पुरोहित, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी, जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ

एलईडी एवं कला जत्था के माध्यम से केंद्र सरकार की

उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जा रही जानकारी

महासमुंद, 16 जून 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग द्वारा महासमुंद शहर के लोहिया चौक में 16 जून से 18 जून 2026 तक तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है।
इस प्रदर्शनी का शुभारंभ नगर पुरोहित श्री पंकज तिवारी जी के मुख्य आतिथ्य एवं बाल बैडमिंटन के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी श्री पुष्पेंद्र साहू एवं लक्ष्मी चंद्राकर द्वारा किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जिला स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष श्री ऐतराम साहू, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर, जनपद सदस्य श्रीमती विजय लक्ष्मी जांगड़े, पार्षद श्री माखन पटेल, श्री पीयूष साहू श्री अग्रज शर्मा, श्री अरविंद प्रहरे, श्री हनीश बग्गा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं आमजन उपस्थित रहे।
शुभारंभ के पश्चात सभी ने विभिन्न विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं राष्ट्रीय उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शित छायाचित्र फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। श्री ऐतराम साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, अधोसंरचना, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है।
फोटो प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं एवं उपलब्धियों को आकर्षक छायाचित्रों और जानकारीपरक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर के किसानों के खातों में 4.3 लाख करोड़ रुपए से अधिक की सम्मान राशि हस्तांतरित किए जाने की जानकारी दी गई है। साथ ही किसानों को लागत का कम से कम डेढ़ गुना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित करने तथा कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए किए गए प्रयासों को भी दर्शाया गया है। कृषि विपणन व्यवस्था में सुधार के लिए ई-नाम प्लेटफॉर्म से जुड़े लगभग 2 करोड़ किसानों एवं करीब 3 लाख व्यापारियों की भागीदारी की जानकारी भी प्रदर्शनी में शामिल है। राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत रक्षा क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय कार्यों को भी प्रदर्शनी में प्रमुखता से स्थान दिया गया है। इसमें स्वदेशी रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने तथा लगभग 38 हजार 400 करोड़ रुपए के रिकॉर्ड रक्षा निर्यात से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई है। इसके साथ ही देश की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए किए गए विभिन्न प्रयासों और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है।
गरीब कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत करोड़ों परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने, निःशुल्क राशन वितरण, महिला सशक्तिकरण तथा कमजोर वर्गों के जीवन स्तर में सुधार हेतु संचालित योजनाओं को भी प्रदर्शनी में दर्शाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में 4 करोड़ से अधिक पक्के आवासों के निर्माण की उपलब्धि को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है।अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भारत की तेजी से बढ़ती विकास यात्रा को प्रदर्शनी में आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इसमें विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब ब्रिज, समुद्र पर निर्मित अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के व्यापक विस्तार तथा वंदे भारत ट्रेनों के संचालन जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धियों को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त देश में सेमीकंडक्टर निर्माण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हुई प्रगति तथा डिजिटल इंडिया अभियान के अंतर्गत हुए परिवर्तन को भी दर्शाया गया है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लखपति दीदी अभियान, युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर, डिजिटल सेवाओं का विस्तार तथा सामाजिक समावेशन के प्रयासों को भी फोटो प्रदर्शनी में प्रमुखता से स्थान दिया गया है। इसके साथ ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा आस्था स्थलों के विकास से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी स्थल पर एलईडी स्क्रीन एवं कला जत्था के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों से संबंधित वीडियो और जानकारी का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हो रही है। साथ ही जनसंपर्क विभाग द्वारा आगंतुकों को जनमन पत्रिका तथा अन्य पुस्तक का निःशुल्क वितरण भी किया जा रहा है। तीन दिवसीय यह फोटो प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए खुली है। बड़ी संख्या में नागरिक प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को देश के विकास और सुशासन की दिशा में हुए महत्वपूर्ण कार्यों से अवगत कराया जा रहा है।

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

आयुष विभाग में 'घोटालों' और 'अनियमितताओं' की भरमार, RTI एक्टिविस्ट ने खोला मोर्चा, राज्यपाल से की शिकायत

Tue Jun 16 , 2026
​लखनऊ: उत्तर प्रदेश के आयुष विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है। एक आरटीआई (RTI) एक्टिविस्ट ने विभाग में प्रमोशन से लेकर वित्तीय और प्रशासनिक स्तर पर भारी अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं, जिससे प्रदेश की जनता को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं और मेडिकल कॉलेजों […]

You May Like

Breaking News

advertisement