
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनगणना 2026-27 के अंतर्गत चार्ज ठिरिया निजावत खाँ के उन प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने आवंटित क्षेत्र का हाउस लिस्टिंग एवं भवन गणना (एच.एल.बी.) कार्य सफलतापूर्वक एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर लिया है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी, बरेली अविनाश सिंह द्वारा संबंधित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं पारितोषिक धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना 2026-27 के प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग एवं भवन गणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस कार्य को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने अपनी जिम्मेदारियों का उत्कृष्ट निर्वहन किया है, जो अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने सम्मानित कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्यों में उनकी निष्ठा, परिश्रम एवं समर्पण सराहनीय है। साथ ही उन्होंने सभी जनगणना कर्मियों से आगामी चरणों में भी इसी उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में तहसील प्रशासन, जनगणना विभाग के अधिकारीगण, कर्मचारीगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सम्मान प्राप्त करने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने का संकल्प व्यक्त किया।


