
(पंजाब) फिरोजपुर 05 जून 2026 {कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता} {
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, फिरोजपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण दिवस की शपथ दिलाई। सभी ने ऊर्जा एवं जल संरक्षण, अधिकाधिक वृक्षारोपण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। 15 मई से 05 जून तक चलाए गए ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ अभियान के तहत फिरोजपुर मंडल के रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं अस्पतालों में जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं, नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता अभियान तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
“एक पेड़ माँ के नाम”
अभियान के अंतर्गत फिरोजपुर मंडल में 427 पौधे लगाए गए, जिनमें से 50 पौधे मंडल कार्यालय परिसर में रोपे गए। अभियान के दौरान यात्रियों एवं कर्मचारियों को एकल-उपयोग प्लास्टिक से बचने, कचरे के पृथक्करण, पुनर्चक्रण, ई-वेस्ट के उचित निस्तारण तथा पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ट्रेनों एवं स्टेशनों पर उद्घोषणाओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि “प्रकृति की रक्षा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा कर्तव्य है। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं।”


