
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) सी.बी.गंज में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह के निर्देशन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ. इंतजार हुसैन ने यूपीएचसी सी.बी.गंज का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र की बेहतर ओपीडी सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए डॉ. मधु गुप्ता तथा समस्त स्टाफ के कार्यों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य कर्मियों एवं उपस्थित मरीजों को तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्लेकार्ड्स के साथ मानव श्रृंखला बनाई गई। मानव श्रृंखला में मरीजों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया।
इस अवसर पर हिर्देश, मनमोहन सिंह, सरिता, श्रवण, रामलाली, सूरज सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों एवं लाभार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों एवं अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में जानकारी दी गई।
डॉ. इंतजार हुसैन ने कहा कि तंबाकू जनित रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है तथा प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं तंबाकू से दूर रहकर दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा तंबाकू मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेने के साथ हुआ।
“तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो” एवं “स्वस्थ जीवन अपनाएं, तंबाकू से दूर रहें” के संदेश के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।


