गायत्री की समस्या का हुआ त्वरित समाधान

बलरामपुर, 04 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद माध्यम बनकर उभर रही है। राशन कार्ड के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित ग्राम भेण्डरी की निवासी श्रीमती गायत्री यादव के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन राहत लेकर आई।
गायत्री ने लगभग 10 महीने पहले राशन कार्ड के लिए आवेदन दिया था लेकिन लंबे समय तक उनका राशन कार्ड नहीं बन सका, उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और उन्हें राशन कार्ड उपलब्ध कराया। राशन कार्ड मिलने के बाद अब वे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न आसानी से प्राप्त कर सकेंगी। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी ले सकेंगी।
राशन कार्ड मिलने पर श्रीमती गायत्री यादव ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित समाधान हुआ। उन्होंने कहा कि पहले राशन कार्ड नहीं होने से कई सरकारी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा था, लेकिन अब उनकी परेशानी दूर हो गई है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।


