
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक दूरभाष – 9416191877
कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने सौंपा प्रोफेसर ऑफ़ प्रेक्टिस का नियुक्ति पत्र।

पलवल,7 सितंबर : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह के स्पेशल पब्लिसिटी ओएसडी गजेंद्र फोगाट श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को कला-कौशल सिखाएंगे। सोमवार को उन्होंने प्रोफेसर ऑफ़ प्रैक्टिस का पद ग्रहण किया। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि कला कौशल निखारने की दिशा में यह महत्वाकांक्षी कदम उठाया है। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि हमारा लक्ष्य हर विद्यार्थी के व्यक्तित्व को कला से सुसज्जित करना है, ताकि वह अपनी संस्कृति स जुड़ें और नशे जैसी बुराइयों से आगाह हों। कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने भी ख्याति प्राप्त कलाकार गजेन्द्र फोगाट का स्वागत किया।
पहले ही दिन ओएसडी गजेन्द्र फोगाट ने विद्यार्थियों की स्पेशल क्लास ली और उन्हें अपने प्रभावी संवाद से मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कहा कि परफ़ॉर्मिंग आर्ट से व्यक्ति दुनिया को जीत सकता है। प्रोफ़ेसर गजेन्द्र फोगाट ने कहा कि परफार्मिंग आर्ट की स्किल को कोई किसी से नहीं छीन सकता। यह ऐसा हुनर है, जो व्यक्ति को आजीवन सम्मान और लोकप्रियता दिलाता है। परफ़ॉर्मिंग आर्ट अंदर की गांठें खोलती है और व्यक्ति को अपने आप से रूबरू करवाती है। प्रोफेसर गजेन्द्र फोगाट ने कहा कि ज़ेन जी जनरेशन फैक्ट पर भरोसा करती है और हम कला के माध्यम से अपनी संस्कृति के साथ उनको और गहरे से जोड़ेंगे। यदि ज़ेन जी संस्कृति का नशा करेगा तो फिर वो दुनिया के किसी और नशे की ओर देखेगा भी नहीं। इसलिए हमारा लक्ष्य विद्यार्थियों को संस्कृति से जोड़ने का है। परफार्मिंग आर्ट से हम विद्यार्थियों को वर्तमान में आह्लादित होना सिखाएंगे। प्रोफेसर गजेन्द्र फोगाट ने विद्यार्थियों से एआई को अपना टूल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें एआई का मोहताज नहीं सरताज बनना है। उन्होंने श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में आते ही स्वयं का ब्रज से जुड़ाव स्थापित किया। प्रोफेसर गजेंद्र फोगाट ने कहा कि मैंने ब्रज की लोक संस्कृति से दुनिया भर में प्रेम और प्रशंसा बटोरी है इसलिए मैं इस धरती का ऋणी हूँ। उन्होंने कहा कि कला संस्कृति के क्षेत्र में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट स्तर पर ले जाना मेरा ध्येय है। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर कुलवंत सिंह ने छात्र कल्याण और सांस्कृतिक गतिविधियों से उन्हें रूबरू करवाया। इस अवसर पर अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफेसर विक्रम सिंह, परफार्मिंग एन्ड विजुअल आर्ट के डीन प्रोफेसर राम विरंजन, निदेशक चंचल भारद्वाज, डिप्टी डीएसडब्ल्यू डॉ. भावना रूपराई, डॉ. दिलीप रैना, प्राचार्य सतेंद्र कुमार सौरोत, वेब एडमिनिस्ट्रेटर प्रवीण आर्य, डॉ. नकुल, डॉ. राजकुमार तेवतिया, संशबीर डागर और काफी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
ओएसडी गजेंद्र फोगाट को नियुक्ति पत्र सौंपते कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार।
विद्यार्थियों की क्लास लेते प्रोफेसर गजेंद्र फोगाट।

