वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
कुरुक्षेत्र, 18 जुलाई : धरती को हरा-भरा बनाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के उद्देश्य ये गुरुकुल कुरुक्षेत्र के 100 से अधिक एन.सी.सी कैडेट्स ने आज विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए साथ ही उनकी सम्पूर्ण देखभाल का भी प्रण लिया। एन.सी.सी की 10 हरियाणा बटालियन के बैनर तले एवं कमान अधिकारी कर्नल ए.एस. काल्हों के निर्देश पर हुए पौधारोपण के इस कार्यक्रम में गुरुकुल के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार, प्राचार्य सूबे प्रताप, व्यवस्थापक रामनिवास आर्य सहित एन.सी.सी. अधिकारी कैप्टन श्रवण कुमार व सन्नी संधू भी मौजूद रहे।
कैप्टन श्रवण कुमार ने बताया कि देशभर में एन.सी.सी. कैडेट्स द्वारा इस मानसून में लगभग 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि एक कैडेट्-एक पौधा अभियान के तहत गुरुकुल के 100 से ज्यादा एन.सी.सी. कैडेट्स ने नीम, पीपल, बहेड़ा, आंवला, अशोका, अर्जुन, आम, जामुन आदि पौधे लगाए और इनकी सम्पूर्ण देखभाल की जिम्मेदारी ली। निदेशक ब्रिगेडियर डॉ0 प्रवीण कुमार ने पेड-पौधों के अभाव में आज धरती का तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है, पर्यावरण में असंतुलन का एक कारण पेड़-पौधों की कमी है। उन्होंने कहा कि हम सभी की यह सामूहिक जिम्मेदारी है कि धरती और पर्यावरण को बचाने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और उनकी देखभाल भी करें। उन्होंने पौधारोपण कार्यक्रम हेतु कैप्टन श्रवण कुमार व सभी एन.सी.सी. कैडेट्स को बधाई दी।