
अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का शिकंजा: 16 पव्वे देशी शराब के साथ युवक दबोचा
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : फतेहगंज पश्चिमी, थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। गश्त के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने रुकमपुर मार्ग पर घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से विन्डीज़ मजेदार ब्रांड के 16 पव्वे देशी शराब बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान सौरव पुत्र तेजपाल, निवासी ग्राम धन्तिया, थाना फतेहगंज पश्चिमी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी शराब रखने का कोई वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से शराब की खरीद-फरोख्त के स्रोतों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस की सख्ती लगातार जारी रहेगी।


