![](https://vvnewsvaashvara.in/wp-content/uploads/2023/03/IMG-20230311-WA0034.jpg)
श्री मार्कंडेश्वर महादेव मंदिर में नवरात्र पूजन की तैयारियां।
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877
बारह ज्योतिर्लिंगों पर अनुष्ठान के बाद लाई गई मां भगवती की अखण्ड ज्योति पर होगा नवरात्र पूजन।
कुरुक्षेत्र, 11 मार्च : मारकंडा नदी के तट पर स्थित श्री मार्कंडेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी में चैत्र नवरात्र को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। अखिल भारतीय श्री मार्कंडेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि हर बार की भांति चैत्र नवरात्र पर भी प्रतिदिन संत महापुरुषों एवं श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर परिसर में बारह ज्योतिर्लिंगों पर अनुष्ठान के बाद लाई गई मां भगवती की अखण्ड ज्योति पर विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ नवरात्र पूजन होगा। यह नवरात्र पूजन नौ दिन तक निरंतर चलेगा। नवरात्रों के पहले दिन हवन यज्ञ के साथ मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों से सर्वकल्याण की भावना से विद्वान ब्राह्मणों द्वारा नौ दिन का अखंड पूजन प्रारम्भ किया जायेगा। महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि चैत्र नवरात्र 22 मार्च से शुरू हो रहे हैं। इस साल चैत्र नवरात्र पर माता का वाहन नाव होगी, जो इस बात का संकेत है इस साल प्रकृति की कृपा होगी। महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि चैत्र नवरात्र का विशेष महत्व है। अबकी बार पूरे नौ दिनों तक नवरात्र की पूजा होगी। श्री मार्कंडेश्वर महादेव मंदिर में नवरात्र पूजा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सेवादल के सेवकों की ड्यूटियां लगा दी गई है।
अखिल भारतीय श्री मार्कंडेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी।