
टेली कंसल्टेशन, वेलनेस गतिविधियों और ओपीडी रिपोर्टिंग में मिली गंभीर लापरवाही
एक सप्ताह में सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार कर्मियों पर कार्यवाही के साथ नाम होंगे सार्वजनिक
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की चतुर्थ त्रैमासिक प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें जनपद आजमगढ़ की कई स्वास्थ्य इकाइयों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर पाया गया है।
सीएमओ ने बताया कि राज्य स्तर से प्राप्त रिपोर्ट में विशेष रूप से तरवां, पवई, हरैया, अतरौलिया, तहबरपुर, मोहम्मदपुर, मेहनगर एवं बिलरियागंज ब्लॉकों के अंतर्गत संचालित कई आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में दैनिक ओपीडी रिपोर्टिंग, वेलनेस गतिविधियों एवं टेली कंसल्टेशन सेवाओं में गंभीर कमियां पाई गई हैं।
रिपोर्ट के अनुसार तरवां ब्लॉक के टिकहरा एवं बीबीपुर, पवई ब्लॉक के मिट्ठूपुर एवं नरवारी, हरैया ब्लॉक के चांदपट्टी एवं देवरा करीयात, तहबरपुर ब्लॉक के भोर्रा मकबूलपुर, मोहम्मदपुर ब्लॉक के गम्भीरपुर एवं मोहम्मदपुर-नगवां, तथा बिलरियागंज ब्लॉक के मोहिउद्दीनपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का प्रदर्शन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। कई इकाइयों में वेलनेस गतिविधियों का स्कोर शून्य रहा, जबकि कुछ केंद्रों पर टेली कंसल्टेशन सेवाएं अत्यंत कम दर्ज की गईं।
डॉ. वर्मा ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य न किया जाना अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने सभी संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे तत्काल अपने अधीनस्थ आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जिन इकाइयों की प्रगति रिपोर्ट में लगातार खराब प्रदर्शन पाया जा रहा है, यदि एक सप्ताह के भीतर उनमें अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी तथा संबंधित स्वास्थ्य इकाइयों एवं जिम्मेदार कर्मियों के नाम समाचार पत्रों एवं अन्य सार्वजनिक माध्यमों से सार्वजनिक किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्देश्य आमजन को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा कमजोर मॉनिटरिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को पोर्टल पर नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
(डाॅ एन आर वर्मा)
मुख्य चिकित्साधिकारी
आजमगढ़


