जनता को स्वच्छ पेयजल देना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता, विपक्ष कर रहा केवल विरोध की राजनीति – रवि सिन्हा

महापौर मधुसूदन यादव ने पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुधार के दिए निर्देश

राजनांदगांव 11/07/2026/ नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष द्वारा पेयजल व्यवस्था को लेकर लगाए गए आरोपों पर भाजपा पार्षद एवं शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस के नेताओं का काम केवल आरोप लगाना और विरोध की राजनीति करना शेष रह गया है। वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद शहर की जल व्यवस्था को मजबूत करने में विफल रही कांग्रेस आज जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। रवि सिन्हा ने कहा कि बरसात के मौसम में नदी-नालों के जलस्तर और पानी की गुणवत्ता में प्राकृतिक बदलाव आना सामान्य प्रक्रिया है। ऐसे समय में नगर निगम एवं फिल्टर प्लांट के अधिकारी लगातार निगरानी रखकर जल शोधन की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाते हैं। यदि कहीं किसी प्रकार की तकनीकी या सामग्री संबंधी कोई कमी सामने आती है तो उसका तत्काल निराकरण किया जाता है।
उन्होंने कहा कि महापौर मधुसूदन यादव ने इस विषय को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक दवाइयों, फिटकरी एवं क्लोरीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पेयजल की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। भाजपा की नगर सरकार जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
रवि सिन्हा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग अपने कार्यकाल में मूलभूत व्यवस्थाओं को सुधार नहीं सके, वे आज केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। जनता अच्छी तरह जानती है कि भाजपा केवल आरोप नहीं लगाती बल्कि समस्याओं का समाधान करती है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी वार्ड से पेयजल संबंधी शिकायत प्राप्त होती है तो उसका तत्काल निराकरण कराया जा रहा है। निगम प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है और नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
अंत में रवि सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस को जनहित के मुद्दों पर सहयोग की राजनीति करनी चाहिए, न कि भय और भ्रम फैलाने की। भाजपा के नेतृत्व में नगर निगम पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की भावना से कार्य कर रहा है तथा महापौर मधुसूदन यादव के नेतृत्व में शहर की हर समस्या का समयबद्ध समाधान किया जा रहा है।

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News

advertisement