
नगरपालिका की पोल खोल गई बारिश! बिलरियागंज थाना परिसर बना तालाब, फरियादी पानी में होकर पहुंचने को मजबूर
बिलरियागंज। कुछ घंटों की बारिश ने ही नगर पालिका की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी। बिलरियागंज थाना परिसर में बरसात का पानी इस तरह भर गया कि पूरा परिसर तालाब में तब्दील हो गया। जल निकासी की व्यवस्था ध्वस्त होने से पानी निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा।
थाने में अपनी शिकायत लेकर आने वाले फरियादी पानी से लबालब भरे परिसर से होकर गुजरने को मजबूर हैं। वहीं पुलिसकर्मियों को भी जलभराव के बीच अपने दैनिक कार्य करने पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही हाल होता है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि यदि समय रहते नालों और नालियों की सफाई तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था की गई होती, तो थाना परिसर में यह स्थिति पैदा नहीं होती। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल जलभराव दूर कराने और भविष्य के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देते हैं या फिर हर बारिश में सरकारी दफ्तरों और आम जनता को इसी तरह जलभराव की परेशानी झेलनी पड़ेगी।


