
रायबरेली (10 अगस्त 2026) | रिपोर्ट: विपिन राजपूत
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नई दिल्ली), उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (लखनऊ) और माननीय अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली द्वारा एक वर्ष की अवधि के लिए ‘पराविधिक स्वयं सेवकों’ (Para Legal Volunteers – PLVs) के चयन हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों, महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगों, अनुसूचित जाति/जनजाति के सदस्यों, प्राकृतिक आपदा या हिंसा पीड़ितों, शहीद सैनिकों के आश्रितों, औद्योगिक श्रमिकों तथा तीन लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों तक निःशुल्क विधिक सहायता एवं जागरूकता पहुँचाना है।
आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि पराविधिक स्वयं सेवकों का चयन जिला एवं तहसील स्तर पर किया जाएगा। नए आवेदकों के साथ-साथ पूर्व में कार्यरत पराविधिक स्वयं सेवक भी पुनर्चयन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- आवेदन करने की अंतिम तिथि: 19 अगस्त 2026
- आवेदन जमा करने का स्थान: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ए.डी.आर. सेंटर, छजलापुर, रायबरेली।
- जमा करने का माध्यम: अभ्यर्थी स्वयं उपस्थित होकर अथवा डाक द्वारा अपना आवेदन भेज सकते हैं।
आवेदन पत्र का प्रारूप इच्छुक अभ्यर्थी जो समाज सेवा का भाव रखते हों, वे अपना आवेदन पत्र माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली को संबोधित करते हुए फोटोयुक्त बायोडाटा एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ जमा करें। आवेदन का प्रारूप जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जिला जजी के नोटिस बोर्ड पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पूर्व नालसा (NALSA) की संबंधित योजना के चयन प्रावधानों का भली-भांति अध्ययन कर लें।


