
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
सह संपादक – डॉ. संजीव कुमारी, दूरभाष – 94161 91877
रोहतक, 8 जून : उजाला आज तक मीडिया ग्रुप द्वारा मैना टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स, रोहतक में आयोजित एक भव्य समारोह में मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय राठी को राष्ट्र निर्माण, पत्रकार कल्याण, पर्यावरण संरक्षण तथा विभिन्न सामाजिक अभियानों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जाट शिक्षा समिति के पूर्व अध्यक्ष राज सिंह नांदल ने संजय राठी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पत्रकारिता को समाज और राष्ट्र सेवा का प्रभावी माध्यम बनाया है। उन्होंने कहा कि संजय राठी ने पत्रकारों के हितों की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
राज सिंह नांदल ने कहा कि संजय राठी का योगदान केवल पत्रकारिता तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने वृक्षारोपण, जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण तथा रक्तदान जागरूकता जैसे अभियानों को बढ़ावा देकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। उनके प्रयासों से अनेक लोगों को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा मिली है।
इस अवसर पर उजाला आज तक मीडिया ग्रुप के प्रधान संपादक डॉ. रमेश देहराज ने कहा कि उनके समाचार पत्र और समाचार मंच का मुख्य उद्देश्य आम जनता की आवाज़ को बुलंद करना है। उन्होंने कहा कि मीडिया का दायित्व समाज के गरीब, मजदूर, किसान तथा युवा वर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है। जनसरोकारों की पत्रकारिता ही लोकतंत्र को मजबूत बनाती है।
कार्यक्रम के दौरान समाज, शिक्षा, पत्रकारिता तथा जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उजाला आज तक मीडिया ग्रुप की मासिक पत्रिका के प्रथम अंक का विधिवत विमोचन किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों ने एक सराहनीय एवं जनहितकारी पहल बताया।
मुख्य अतिथि राज सिंह नांदल ने मैना टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स परिसर में फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को मनी प्लांट के पौधे भेंट कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा हरित पर्यावरण के निर्माण का आह्वान किया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नीरज पायलट ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकारों का दायित्व नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की समान जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, जल संरक्षण, रक्तदान तथा सेवा कार्यों के माध्यम से देश के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
सम्मान ग्रहण करते हुए संजय राठी ने आयोजकों और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज, पत्रकारिता और राष्ट्रहित के कार्यों को और अधिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जल एवं ऊर्जा बचत तथा रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी अभियानों को जन-आंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर किसान नेता बलराज सिंह नांदल, युवा नेता मंजीत सिंह फौगाट, राष्ट्रीय कवि वीरेन्द्र मधुर, हरियाणा कला परिषद के क्षेत्रीय निदेशक गगन हरियाणवी, डॉ. पवन, सेवानिवृत्त अभियंता रामप्रसाद, वरिष्ठ पत्रकार सुकरामपाल, मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय प्रवक्ता रामकरण पूनिया, जगदेव सिंह, युवा नेता सुरेन्द्र मलिक, पूर्व सरपंच कृष्ण कबूलपुर, अनुज कुलश्रेष्ठ तथा नीलम आर्या सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करते हैं तथा लोगों को सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रेरित करते हैं।


