
राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर सीएमओ सभागार में संगोष्ठी एवं शपथ ग्रहण
“हर रविवार, मच्छर पर वार” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने पर जोर
राष्ट्रीय डेंगू दिवस 16 मई के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ एन.आर. वर्मा के निर्देशन में सीएमओ सभागार में संगोष्ठी एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी के तहसील दिवस में व्यस्त रहने के कारण कार्यक्रम का संचालन एडिशनल सीएमओ डाॅ अब्दुल अजीज़ और डिप्टी सीएमओ/नोडल वेक्टरबार्न डाॅ अविनाश झा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में सीएमओ कार्यालय, मलेरिया विभाग सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए डेंगू रोकथाम, स्वच्छता एवं जनजागरूकता की सामूहिक शपथ ली। इस दौरान “हर रविवार, मच्छर पर वार” अभियान को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया गया।
एडिशनल सीएमओ डाॅ अब्दुल अजीज़ ने कहा कि डेंगू जैसी मच्छरजनित बीमारी से बचाव के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि घरों एवं आसपास साफ़-सफाई बनाए रखने, कूलर, गमलों, पुराने टायरों एवं अन्य पात्रों में पानी जमा न होने देने से डेंगू के खतरे को काफी हद तक रोका जा सकता है।
डिप्टी सीएमओ/नोडल वेक्टर बार्न डाॅ अविनाश झा ने बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडीज़ मच्छर साफ़ एवं रुके पानी में पनपता है तथा दिन में काटता है। इसलिए लोगों को पूरी बाँह के कपड़े पहनने, मच्छररोधी उपाय अपनाने एवं सप्ताह में एक दिन घर एवं आसपास जमा पानी की सफाई करने की आदत विकसित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, आँखों के पीछे दर्द अथवा त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा का सेवन नहीं करना चाहिए।
कार्यक्रम में पाथ की रीजनल कोआर्डिनेटर ओजस्वीनी त्रिवेदी, जिला मलेरिया अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव, मलेरिया निरीक्षक बिजेन्द्र कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ एन.आर. वर्मा ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि डेंगू से बचाव के लिए स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता करें।
(डाॅ एन आर वर्मा )
मुख्य चिकित्साधिकारी
आजमगढ़


