कांवरियों के लिए नगर में सज गई दुकानें
पूर्वांचल ब्यूरो
नगर में कांवरियों के लिए आवश्यक सामानों की दुकानें सज गई है। इन दुकानों पर कांवर से लेकर कांवरियों को पहनने के लिए गेरूआ वस्त्रों की भी विक्री होती है। कांवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु अपने लिए नये वस्त्र और कांवर की खरीदारी में जुट गए है। नगर के वासलीगंज, घंटाघर, संगमोहाल एवं अन्य बाजारों में कांवरियों के लिए जरूरी सामानों से दुकानें सज गई है। इन दुकानों पर कांवरियों के लिए गेरूआ गंजी, हाफपैण्ट एवं गेरूआ रूमाली बिक रही है। कांवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु अपनी जरूरतों के अनुसार खरीदारी में जुट गए है। नगर के बरियाघाट पर गंगा स्नान करने के बाद कांवरिए शिवद्वार के लिए रवाना होते है। सावन के महीने में शुक्रवार से ही कांवरियों के शिवद्वार जाने का सिलसिला शुरु हो जाता है। बरियाघाट में शुक्रवार से ही कांवरियों के लिए दुकानें सज जाती है। कांवर यात्रा के मद्देनजर गंगा घाट की साफ-सफाई भी करा दी गई है। इसके अलावा घाट पर प्रकाश के लिए हाईमास्ट भी लगाया गया है। वहीं स्नान के दौरान हादसे से बचाव के लिए घाट पर बैरिकेडिंग भी कराई जाएगी। एसपी संतोष कुमार मिश्र ने सप्ताह भर पहले गंगा घाट का निरीक्षण कर शहर कोतवाली पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए थे।