
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : हज सेवा समिति के संस्थापक एवं समाजसेवी पम्मी ख़ाँ वारसी ने आगामी हज यात्रा को लेकर आज़मीन-ए-हज से एक विशेष और नेक अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 की मुकद्दस हज यात्रा के लिए जो भी लोग आवेदन कर रहे हैं, वे अपनी इस रूहानी सफर और नेकियों की शुरुआत एक सकारात्मक कदम के साथ करें। आवेदन करने के साथ ही हर आज़मीन एक पेड़ ज़रूर लगाए।पेड़ लगाना न केवल पर्यावरण के संरक्षण के लिए ज़रूरी है, बल्कि यह इंसानियत के लिए भी एक बड़ा सदका (पुण्य) है।आज़मीन-ए-हज से पुरज़ोर अपील की है कि वे अपनी हज यात्रा के इस मुबारक सफर की शुरुआत अपने हाथों से एक पौधा रोपकर करें, ताकि उनकी यह इबादत और दुआएं पर्यावरण के लिए भी बरकत का जरिया बनें।
धरती को हरा-भरा और पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के उद्देश्य से जनसेवा टीम एवं बरेली हज सेवा समिति के तत्वावधान में एक पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में सिविल लाइंस स्थित नोमहला परिसर में विशेष प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया, जिसमें विश्व प्रसिद्ध ‘मियाजाकी’ नस्ल और ‘बारामासी’ आम के पौधे मुख्य रूप से शामिल रहे।
जनसेवा टीम के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी ख़ाँ वारसी ने कहा कि वर्तमान में बरसात का मौसम शुरू हो चुका है और गर्मी का प्रकोप भी जारी है। ऐसे में पौधों का रोपण पर्यावरण के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा:
”आज किया गया यह नेक काम हमारे आने वाले कल को बेहतर और सुरक्षित बनाएगा। हमारी आने वाली पीढ़ियों को इन पेड़ों से बहुत लाभ मिलेगा। इसलिए इस बार सभी लोग अपने-अपने क्षेत्रों में हर शुभ अवसर जैसे जन्मदिन, वर्षगांठ आदि के मौके पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं।
इस सराहनीय और पुनीत कार्य के दौरान मुख्य रूप से हाजी उवैस खान, हाजी साकिब रज़ा ख़ाँ,हाजी डॉ कासिमुद्दीन,आसिम कुरैशी,अहमद उल्लाह वारसी,मौलाना हसन रज़ा, सलमान सुल्तानी, रिज़वान आदि सहित तमाम लोग मौजूद रहे और सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।


