
पेपर लीक मामला: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आजमगढ़ में ‘आप’ का जोरदार प्रदर्शन, जंतर-मंतर पर अनशन का किया समर्थन
आजमगढ़। देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को ‘आप’ आजमगढ़ इकाई ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और दिल्ली के जंतर-मंतर पर अभिजीत दीपके व सोनम वांगचुक द्वारा किए जा रहे आमरण अनशन व संसद मार्च के समर्थन में आयोजित किया गया था।
सरकार की तानाशाही बर्दाश्त नहीं: राजेश यादव
प्रदर्शन के दौरान पार्टी के प्रांत अध्यक्ष राजेश यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “मौजूदा सरकार पूरी तरह तानाशाही पर आमादा है। पेपर लीक के कारण न जाने कितने युवाओं ने हताश होकर अपनी जान दे दी, लेकिन सरकार इतनी संवेदनहीन है कि एक मंत्री को पद से नहीं हटा रही है। युवाओं के भविष्य के साथ इस खिलवाड़ को अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
शिक्षा मंत्री तुरंत दें इस्तीफा: कृपा शंकर पाठक
प्रदेश उपाध्यक्ष कृपा शंकर पाठक ने परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने देश के करोड़ों छात्रों का भरोसा तोड़ दिया है। वर्षों तक कठिन परिश्रम करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य अंधकार में है। यदि सरकार देश में एक निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं करा सकती, तो शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
जंतर-मंतर का अनशन देश के युवाओं की आवाज: अनिल यादव
जिला उपाध्यक्ष अनिल यादव ने दिल्ली में चल रहे आंदोलन का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा, “जंतर-मंतर पर चल रहा आमरण अनशन केवल एक विरोध नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करने का आंदोलन है। सोनम वांगचुक और अभिजीत दीपके देश के करोड़ों युवाओं की आवाज बुलंद कर रहे हैं, जिसे यह सरकार अनसुना नहीं कर सकती।”
‘आप’ का संकल्प: आम आदमी पार्टी की आजमगढ़ इकाई ने साफ चेतावनी दी है कि देश का युवा अब अपने भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं करेगा। युवाओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
इस कलेक्ट्रेट प्रदर्शन में मुख्य रूप से रमेश मौर्य, इसरार अहमद, महेंद्र प्रताप यादव, संजय राय, संजय यादव, राम प्रसाद यादव, राम सतन पटेल, अशोक मौर्य, प्रदुम्न चौहान, राम जनम यादव, कलीमुर्रहमान, बाबूराम यादव, उमेश यादव, रामरूप यादव, राजमन यादव, नेब लाल, शुभम, सतीश गौतम, धर्म प्रकाश, और विकास राव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


