
पलवल,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 2 जून : सुमन वशिष्ठ को श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय की कुलसचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के आदेश हरियाणा के राज्यपाल एवं श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रोफेसर असीम कुमार घोष द्वारा जारी किए गए हैं। इससे पूर्व सुमन वशिष्ठ गुरुग्राम विश्वविद्यालय में उप कुलसचिव के रूप में कार्यरत थीं। मंगलवार को उन्होंने कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार की उपस्थिति में कुलसचिव के रूप में कार्यभार संभाला। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने उन्हें नए दायित्व के लिए बधाई दी और प्रशासनिक दक्षता से विश्वविद्यालय की प्रगति के लिए कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। सुमन वशिष्ठ ने इस दायित्व के लिए राज्यपाल एवं श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रोफेसर असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता मंत्री गौरव गौतम तथा कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।
कार्यभार ग्रहण करते हुए सुमन वशिष्ठ ने कहा कि मुझे देश के प्रथम राजकीय कौशल विश्वविद्यालय की कुलसचिव बनने पर गर्व एवं हर्ष की अनुभूति हो रही है। यह विश्वविद्यालय देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की कल्पनाओं का साकार रूप है। इस विश्वविद्यालय को शिक्षा के वैश्विक मानचित्र पर चमकाना मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। नवनियुक्त कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने कहा कि प्रशासनिक उत्कृष्टता से विश्वविद्यालय को उन्नति के मार्ग पर ले जाने के लिए मिलजुल कर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार के नेतृत्व में हम सभी मिलकर एक टीम के रूप में कार्य करेंगे। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कौशल में और अधिक वृद्धि कर बेहतर परिणाम की ओर ले जाना हमारा साझा लक्ष्य होगा। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने सभी अधिष्ठाताओं, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और शिक्षकों का नवनियुक्त कुलसचिव से परिचय करवाया। सभी ने कुलसचिव के रूप में कार्यभार संभालने पर सुमन वशिष्ठ को बधाई दी। सुमन वशिष्ठ का कॉर्पोरेट तथा सरकारी विश्वविद्यालयों में 26 वर्षों का लम्बा अनुभव है। वह कार्यवाहक कुलसचिव, ओएसडी और इंडस्ट्रियल रिलेशन्स एन्ड कॉर्पोरेट अफेयर्स की निदेशक सहित कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर दायित्व का निर्वहन कर चुकी हैं।
श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय की कुलसचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण करती सुमन वशिष्ठ।


