Uncategorized

हरियाणा विधान सभा में पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के साथ तीज उत्सव सम्पन्न

चंडीगढ़, प्रमोद कौशिक 30 जुलाई : हरियाणा विधान सभा में आज तीज उत्सव पारंपरिक उल्लास, उमंग और लोक संस्कृति की छटा के साथ सम्पन्न हुआ। इस विशेष आयोजन में महिला विधायक, विधायकों की पत्नियां, विधान सभा का महिला स्टाफ तथा महिला पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम स्थल को सावन की मेला थीम पर सजाया गया था, जहां पारंपरिक झूले, मेहंदी, लोकगीत, नृत्य, खेल और श्रृंगार की विभिन्न गतिविधियों ने माहौल को जीवंत कर दिया। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की धर्मपत्नी लेखिका रेशमा कल्याण मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम में अनेक विधायक सपत्नी शामिल हुए।
इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि आज विधान सभा परिसर में महिला शक्ति की आवाज गूंजी है। उन्होंने तीज को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व बताते हुए कहा कि ‘आई तीज, बो गई बीज’ की कहावत को चरितार्थ करते हुए देश में त्योहारों की श्रृंखला शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि हर त्योहार अच्छाई, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक होता है और ऐसे आयोजनों से समाज को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं का आह्वान किया कि वे इस अवसर को आत्मिक बल और सामाजिक सद्भावना को बढ़ाने के संकल्प के रूप में लें और भविष्य में इस आयोजन को और अधिक भव्यता के साथ मनाएं।
इस अवसर पर विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्‌ढ़ा ने तीज पर्व का पारंपरिक महत्व बताते हुए कहा कि यह हरियाणा की उत्सवधर्मी संस्कृति का त्योहार है। यह हमें उमंग और हर्षोल्लास के साथ-साथ धर्म से जुड़ने की प्रेरणा देता है।
मुख्य अतिथि लेखिका रेशमा कल्याण ने कहा कि तीज पर्व हमारी आस्था और प्रेम का प्रतीक है। विधान सभा सचिवालय की महिला कर्मचारियों की भागीदारी से आयोजित इस कार्यक्रम में यह आस्था स्पष्ट रूप से प्रकट हुई है। उन्होंने कहा कि भारत के सभी हिस्सों में इस प्रकार के त्योहार अलग-अलग रूप में मनाए जाते हैं, जो हमारी संस्कृति की विविधता में एकता के प्रतीक हैं। कार्यक्रम को विधायक सावित्री जिंदल, शक्तिरानी शर्मा, कृष्णा गहलावत ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में सावन के गीतों पर आकर्षक लोक नृत्य प्रस्तुत किए गए, तीज पर आधारित कविताओं का पाठ हुआ तथा ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस प्रतियोगिता में विधान सभा सचिवालय में सेवादार कमलेश को तीज क्वीन घोषित किया गया। महिला विधायकों द्वारा लगाए गए श्रृंगार सामग्री के स्टॉल्स से महिलाओं ने पारंपरिक सामान खरीदा और सभी प्रतिभागियों को फुलकारी स्टॉल भेंट स्वरूप दिए गए। यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम रहा, बल्कि हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान को संजोने और सशक्त महिला भागीदारी को मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी सिद्ध हुआ। इस अवसर पर विधायक मूलचंद शर्मा, रामकुमार गौतम, घनश्याम दास अरोड़ा, जगमोहन आनंद, भगवान दास कबीरपंथी, योगेन्द्र राणा, बिमला चौधरी, घनश्याम सर्राफ, विनोद भ्याणा, अनिल यादव, डॉ. कृष्ण कुमार, देवेंद्र कादियान, रणधीर पनिहार, इंदुराज नरवाल, जस्सी पेटवाड़, बलराम दांगी, आदित्य सुरजेवाला, गोकुल सेतिया, बी.बी. बत्रा, अशोक अरोड़ा, आफताब अहमद, नरेश सेलवाल, जरनैल सिंह, कपूर सिंह आदि उपस्थित रहे।
हरियाणा विधान सभा में आयोजित तीज उत्सव में महिला प्रतिभागियों के साथ विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण और उनकी धर्मपत्नी रेशमा कल्याण।
हरियाणा विधान सभा में मनाए गया तीज उत्सव की झलकियां।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel