मंडल कार्यालय, फिरोजपुर के प्रांगण में भारत रतन डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी की 130वी जयंती का किया गया आयोजन
15 अप्रैल फिरोजपुर {कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता}:-
मंडल कार्यालय, फिरोजपुर के प्रांगण में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की 130वीं जयंती का आयोजन किया गया | इस कार्यक्रम का शुभारम्भ अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री भूपेंद्र प्रताप सिंह तथा श्री बलबीर सिंह ने दीप प्रज्वलित करके तथा उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित करके किया |
अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बलबीर सिंह ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर स्वतंत्र भारत के संविधान निर्माता, दलितों के मसीहा, समाज सुधारक तथा राष्ट्रीय स्तर के नेता थे | भारतीय संविधान के निर्माण में इनका महत्वपूर्ण योगदान रहा जिसके अंतर्गत भारत के सभी लोगों को सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और धार्मिक समान अधिकार प्राप्त हुए |
अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बी.पी. सिंह ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर ने अपना सम्पूर्ण जीवन दलितों, आर्थिक रूप से कमजोर तथा वंचित वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया | उन्होंने स्वतंत्र भारत के संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया इसीलिए उन्हें भारतीय संविधान का पिता तथा आधुनिक भारत का निर्माता भी कहा जाता है |
इस अवसर पर अखिल भारतीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति संगठन के सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए| इस कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड-19 के प्रोटोकॉल का समुचित अनुपालन किया गया|