
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : गत दिनांक 26 अप्रैल 2026 को होमगार्ड एनरोलमेंट परीक्षा-2025* के दौरान साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज, बरेली स्थित परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस केंद्र प्रभारी को प्रथम पाली (समय 10:00 बजे से 12:00 बजे) की परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी संदिग्ध प्रतीत* हुआ। बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान संदेह होने पर उक्त अभ्यर्थी की गहन जांच की गई, जिसमें उसकी पहचान अनुराग पुत्र राज बहादुर निवासी हरिहरपुर, थाना टड़ियावां, जनपद हरदोई (उम्र करीब 27 वर्ष) के रूप में हुई।
जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि उक्त अभ्यर्थी द्वारा पूर्व दिवस दिनांक 25 अप्रैल 2026 को दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, पीलीभीत रोड रिठौरा स्थित परीक्षा केंद्र पर प्रथम पाली की परीक्षा में धर्मेंद्र सिंह पुत्र राजबहादुर के नाम से भी सम्मिलित होकर परीक्षा दी गई थी। इस प्रकार अभ्यर्थी द्वारा जानबूझकर प्रतिरूपण कर अनुचित लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त द्वारा उक्त कृत्य स्वीकार भी किया गया।
इस संबंध में पुलिस केंद्र प्रभारी निरीक्षक की लिखित तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली, बरेली पर *मु0अ0सं0-190/2026 धारा 319(2), 318(4), 340(2), 336(3) बीएनएस तथा धारा 3/10(1) सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रकरण में पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर मा0 न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने की कार्यवाही की जा रही है।


