
द डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन चुनाव परिणाम घोषित
भृगुनाथ राम बने अध्यक्ष, मनोज कुमार राय ने मंत्री पद पर दर्ज की शानदार जीत;
मतगणना के बाद जश्न का माहौल एक दूसरे की मिठाई खिलाकर जीत की बधाई
आजमगढ़। द डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव सत्र 2026-27 की मतगणना बुधवार को बार सभागार में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। चुनाव अधिकारी शिवधन प्रसाद चौरसिया और एल्डर कमेटी के अध्यक्ष श्रीराम त्रिपाठी की देखरेख में मतगणना पूरी होने के बाद परिणामों की आधिकारिक घोषणा की गई। परिणाम सामने आते ही बार सभागार में खुशी की लहर दौड़ गई और विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर मिठाई बांटी गई।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में भृगुनाथ राम ने 215 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी महेंद्र प्रताप सिंह को 190 मत मिले, जबकि बलिराम यादव को 5 मत प्राप्त हुए। मंत्री पद पर मनोज कुमार राय ने 260 मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी दीपक कुमार श्रीवास्तव को 131, सतिराम प्रजापति को 10 तथा रविशंकर यादव को 8 मत मिले।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष के दो पदों पर लौटू राम मौर्य (273 मत) और मुन्ना सिंह (210 मत) विजयी रहे, जबकि सत्यप्रकाश चतुर्वेदी को 142 मत मिले। सहमंत्री (प्रशासन) पद पर आनंद प्रकाश यादव ने 217 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि राहुल उपाध्याय को 197 मत मिले। इस बार कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिसके चलते यह पद रिक्त रह गया।
कई पदों पर केवल एक-एक नामांकन होने के कारण उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। उपाध्यक्ष पद पर पंकज कुमार और बालकृष्ण यादव, कोषाध्यक्ष पद पर लालमोहन गिरी, सहमंत्री (पुस्तकालय) पद पर कृष्ण कुमार सिंह तथा सहमंत्री (प्रशासन) पद पर हरेंद्र यादव निर्विरोध चुने गए।
वरिष्ठ कार्यकारिणी समिति के सदस्य पद पर अजीत कुमार सिंह, अमरजीत कुमार मल्ल, कुमारी आभा श्रीवास्तव, निकेश कुमार यादव, फैजान अहमद और श्यामजीत यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं कनिष्ठ कार्यकारिणी समिति में अवनेंद्र प्रताप सिंह, अशोक कुमार यादव, आनंद प्रकाश सिंह, आलोक कुमार सिंह और पंकज तिवारी निर्विरोध चुने गए।

