
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज जनपद स्तरीय टी०बी० टास्क फोर्स एवं टी०बी० स्टीयरिंग कमेटी की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने क्षय रोग उन्मूलन अभियान की प्रगति की समीक्षा, 100 दिवसीय अभियान की समीक्षा, टी०बी० मरीजों की समयबद्ध पहचान, उपचार, पोषण सहायता तथा जनजागरूकता गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने हेतु सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद स्तरीय टीबी की कमेटी बैठक में जिलाधिकारी ने 100 दिवसीय अभियान की समीक्षा में सभी उच्च जोखिम वाले गांव में एक्स-रे कैंप करने के निर्देश दिए हैं साथ ही क्षय रोग का उपचार ले रहे समस्त क्षय रोगियों को निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत मिलने वाली धनराशि को जल्द से जल्द रोगियों के खाते में भेजने के निर्देश भी दिए गए।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि बरेली जनपद में 512 उच्च जोखिम के गांव राज्य स्तर से चिन्हित करके भेजे गए हैं, जिसमें 229 गांव में अब तक कैंप लगाया जा चुका है शेष बचे हुए सभी गांव में 30 जून तक कैंप लगाकर क्षय रोग की स्क्रीनिंग की जाएगी। जिलाधिकारी जो निर्देश दिए गए हैं उन सभी को तत्काल सुधार करने का पूर्ण प्रयास किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि टीबी मरीजों को गोद लिए गए गांवों का प्रतिशत 90 प्रतिशत तक पहुंच चुका है, जबकि विकास खण्ड बिथरीचैनपुर में प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को वहां विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने अवगत कराया कि टीबी मरीज/एचआईवी/डायबिटीज अथवा अन्य गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
बैठक में निर्देश दिए गए कि माइक्रोस्कोप के स्थान पर न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन टेस्ट कराया जाए, जिससे बहुत माइनॉरिटी से जांच होती है। आधुनिक तकनीक से जांच बढ़ाने, कॉम्पैक्ट एक्सरे मशीनों के प्रभावी उपयोग तथा एक्सरे तकनीशियनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ0 इंतजार हुसैन, एमओआईसी, मेडिकल कॉलेज की प्रतिनिधि, आईएमए के अध्यक्ष, आईएपी के अध्यक्ष सहित अन्य चिकित्सागण उपस्थित रहे।


