
स्व० केशभान तिवारी की पांचवीं पुण्यतिथि फल वितरण कर मनाई गई
आजमगढ़। पूर्वांचल सहित पूरे उत्तर प्रदेश में अपनी विशिष्ट कला से अलग पहचान बनाने वाले लोकप्रिय मंच संचालक एवं एंकर अभय तिवारी के बाबा (दादाजी) स्वर्गीय केशभान तिवारी की पांचवीं पुण्यतिथि पर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जहां एक ओर परिजनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, वहीं दूसरी ओर अस्पताल में मरीजों की सेवा कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में मतौलीपुर स्थित आवास पर एंकर अभय तिवारी ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ दादाजी स्वर्गीय केशभान तिवारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद सामाजिक सरोकारों का निर्वहन करते हुए अभय तिवारी मंडलीय जिला चिकित्सालय आजमगढ़ पहुंचे। वहां उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर लगभग 250 मरीजों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना तथा उनके बीच फल वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने कुछ असहाय व जरूरतमंद बच्चों को पठन-पाठन की सामग्री (स्टेशनरी) भी प्रदान की, ताकि उनकी शिक्षा में मदद हो सके।
“कि कश्तियां रह जाती हैं तूफान चले जाते हैं,
यादें रह जाती हैं इंसान चले जाते हैं।”
अभय तिवारी ने कहा कि “बाबा का स्वभाव अत्यंत सरल और मिलनसार था। वे हमेशा गरीबों, मजलूमों और असहाय लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। आज वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके दिए गए संस्कार और दिखाया गया रास्ता हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा। आज उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर मैंने अपनी सामर्थ्य अनुसार समाज सेवा का एक छोटा सा प्रयास किया है।”इस सेवा कार्य और श्रद्धांजलि सभा के अवसर पर मुख्य रूप से बाबा भैरवनाथ जी इंटर कॉलेज के प्रबंधक हेमंत उपाध्याय “बादल”, राष्ट्रीय मानस प्रवक्ता पंडित हेमंत कुमार तिवारी, प्रमुख व्यवसायी आकाश राय, दिलीप तिवारी, अभिषेक तिवारी, शिवम राय सहित कई गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने स्व० केशभान तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी।


