
सांसद नवीन जिन्दल ने पार्लियामेंट भ्रमण पर आए छात्रों से किया संवाद।
सांसद नवीन जिन्दल ने युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने का आह्वान किया।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, मारकंडेय नेशनल कॉलेज शाहबाद के छात्र एवं इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज लाडवा की मैनेजमेंट के सदस्यों ने संसद के नए-पुराने भवनों का भ्रमण किया।
कुरुक्षेत्र पिपली, प्रमोद कौशिक/वरुण कौशिक 24 अप्रैल : कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं में संवैधानिक जागरूकता और शैक्षणिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत सांसद नवीन जिन्दल ने आज पार्लियामेंट भ्रमण पर आए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद किया। यह भ्रमण सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर आयोजित शैक्षणिक अभियान का हिस्सा था, जिसके अंतर्गत छात्रों को संसद और देश के लोकतांत्रिक ढांचे की कार्यप्रणाली से अवगत कराया जा रहा है।
इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, मारकंडेय नेशनल कॉलेज शाहबाद के छात्र एवं इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज लाडवा की मैनेजमेंट के सदस्य दिल्ली पहुंचे और उन्होंने संसद के नए-पुराने दोनों भवनों का भ्रमण किया। इसके उपरांत सभी प्रतिभागी सांसद नवीन जिन्दल के मोती बाग स्थित आवास पर पहुंचे, जहां सांसद नवीन जिन्दल की टीम द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
सांसद नवीन जिन्दल ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रबंधन सदस्यों से संवाद करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है और उनका जागरूक, शिक्षित एवं अनुशासित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के नेतृत्वकर्ता हैं, इसलिए उन्हें न केवल अकादमिक शिक्षा बल्कि संवैधानिक मूल्यों की भी गहन समझ होनी चाहिए।
सांसद नवीन जिन्दल ने शिक्षकों से भी छात्रों की पढ़ाई, कौशल विकास और उनके सर्वांगीण विकास के विषय में चर्चा की।
छात्रों को संबोधित करते हुए सांसद नवीन जिन्दल ने उन्हें नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी विकसित करते हैं, जिससे जीवन में सफलता प्राप्त करने में सहायता मिलती है।
इस अवसर पर इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज लाडवा के प्रेसिडेंट पवन गर्ग ने सांसद नवीन जिन्दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर छात्रों को वास्तविक जीवन के अनुभव प्रदान करते हैं और उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं।
कार्यक्रम में मारकंडेय नेशनल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अशोक चौधरी, डॉ. शालिनी शर्मा, डॉ. नीरज बातिश, बलविंद्र सिंह, कॉलेज स्टाफ एवं नवीन जिन्दल की टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि यह शैक्षणिक पहल न केवल विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली से परिचित कर रही है, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित कर रही है।

