
नरौली स्थित रेस्टोरेंट में भीषण आग, चार दमकल गाड़ियों की कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू
आजमगढ़ के नरौली स्थित एक रेस्टोरेंट में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे अचानक चिंगारी उठने के बाद भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास के क्षेत्र में आग फैलने से रोक दिया।
घटना के दौरान सिधारी थाना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए रास्ता बंद कराया, जिससे दमकल कर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न हो। पुलिस के सहयोग से अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।


