जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू
• विनोद दीक्षित चिकित्सालय परिसर पर शपथ ली, रैली भी निकाली
• 30 अप्रैल तक चलेगा जागरूकता का अभियान
कन्नौज ,
विनोद दीक्षित चिकित्सालय परिसर में शनिवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर जागरूकता रैली का शुभारंभ सांसद सुब्रत पाठक ने फीता काट कर किया।। इस मौके पर संचारी रोग के नियंत्रण के लिए शपथ भी ली गई।जनपद में यह अभियान 30 अप्रैल तक चलाया जायगा।।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के उद्वाटन के अवसर पर सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि यह अभियान सरकार की विशेष प्राथमिकताओं में से एक है। किसी भी अभियान को सफल बनाने हेतु जनता की सहभागिता एवं योगदान महत्वपूर्ण होता है। संचारी रोगों नियंत्रण बहुत जरुरी हैं। समाज में संचारी रोगों के प्रति का जितना ज्यादा प्रचार-प्रसार व जन -जागरूकता आयेगी तो लोग उतना ही बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से अपना बचाव कर सकेगें।उन्होंने कहा कि सौ रोगों की एक दवाई साफ-सफाई है। गंदगी से कई प्रकार की बीमारियां पनपती हैं। अगर हम लोग अपने आसपास स्वच्छता का ध्यान रखेंगे, खुले में शौच,अपने आसपास जलभराव नहीं होने देंगे,तो कई बीमारियों से बचे रहेंगे।
इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डा.विनोद कुमार ने बताया बताया कि विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान 30 अप्रैल चलेगा। इस दौरान वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान बुखार, टीबी, कोविड आदि लक्षणों वाले व्यक्ति के बारे में घर-घर जाकर पूछताछ की जाएगी। लक्षण मिलने पर चिह्नित कर उन्हें अस्पताल भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर नि:शुल्क एंबुलेंस की सेवा भी उपलब्ध रहेगी। लक्षण मिलने वाले व्यक्ति का पूरा नाम पता और मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण एएनएम के माध्यम से ब्लॉक मुख्यालय तक भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत ही जनपद में 15 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलेगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर बीमार लोगों के बारे में जानकारी लेगी और 12 साल से अधिक आयु के जिन लोगों को कोविड टीका नहीं लगा है, उन्हें कोविड टीका से प्रतिरक्षित किया जाएगा। इस मौके पर राज्य मंत्री असीम अरुण,मुख्य विकास अधिकारी आर.एन.सिंह,संचारी रोग नियंत्रण नोडल डा.डी.पी.आर्या,डा.ब्रजेश शुक्ला, सह जिला मलेरिया अधिकारी मुकेश दीक्षित,युनिसेफ से आशुतोष बाजपेयी आदि उपस्थित थे।
कुपोषित भी होंगे चिन्हित
अभियान के दौरान आशा, आंगनवाड़ी और संगिनी कार्यकर्ता घर-घर जाकर कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों की सूची बनाएंगी। फिर यह सूची ए.एन.एम के जरिए ब्लॉक मुख्यालय पर भेजी जाएगी। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से पोषण पुनर्वास केंद्रों पर उपचार एवं पोषण उपलब्ध कराता है।
अन्य विभाग भी करेंगे मदद
जिला मलेरिया अधिकारी डा.हिलाल अहमद खान ने बताया कि चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग, नगर पंचायत विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन विभाग, कृषि एवं सिचाई विभाग, सूचना और उद्यान विभाग की सहभागिता रहेगी। सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई है। जहां भी मच्छर पनपने की संभावना होगी। वहां निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।