
कृष्णानगर गामड़ी में आयोजित नि:शुल्क टीबी जांच एवं स्वास्थ्य शिविर में 119 मरीजों ने लिया स्वास्थ्य लाभ।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक : सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा “टीबी मुक्त कुरुक्षेत्र” अभियान के अंतर्गत कृष्णानगर गामड़ी में नि:शुल्क टीबी जांच एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 119 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान लोगों की नि:शुल्क टीबी जांच की गई इसके अतिरिक्त लोगों को टीबी से बचाव, समय पर जांच एवं नियमित उपचार के प्रति जागरूक भी किया गया। इसके साथ-साथ लोगों को परामर्श और निशुल्क दवाइयां दी गई। शिविर में डॉ. प्रमोद सिंह एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों का परीक्षण किया तथा आवश्यक परामर्श दिया।
सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नवीन जिन्दल फाउंडेशन, जिला प्रशासन कुरुक्षेत्र के साथ मिलकर निरंतर कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में आज तीसरे शिविर का सफल आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि टीबी की समय पर पहचान और नियमित उपचार से इस बीमारी को पूरी तरह हराया जा सकता है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर न केवल लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं, बल्कि समाज में जागरूकता भी बढ़ा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर बिना किसी संकोच के तुरंत जांच कराएं और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल द्वारा कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के 100 टीबी मरीजों को अडॉप्ट कर 6 महीने तक पोषण सामग्री और परामर्श दिया गया था। उनमें से 85 मरीज ठीक होकर मुख्यधारा में शामिल हो गए हैं। नवीन जिन्दल फाउंडेशन के माध्यम से अब अन्य मरीजों के कल्याण के लिए प्रशासन के साथ मिलकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि सांसद नवीन जिन्दल, प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नि:क्षय मित्र के रूप में निरंतर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वर्तमान में सांसद नवीन जिन्दल द्वारा कुरुक्षेत्र जिले में 125 तथा संपूर्ण कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में कुल 250 टीबी मरीजों को गोद लेकर पोषण सामग्री एवं उपचार संबंधी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। शिविर के दौरान टीबी मरीजों के 54 संपर्क व्यक्तियों (Contact Screening) के नि:शुल्क डिजिटल एक्स-रे किए गए, जबकि भारत सरकार के निर्देशानुसार 80 टीबी मरीजों की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) आईडी भी सफलतापूर्वक अपडेट की गई। यह पहल टीबी उन्मूलन के साथ-साथ डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


