स्वच्छता के लिए गांवों में भी विशेष योजना व रणनीति बनाकर कार्य करने की जरुरत : सुभाष चंद्र

स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र गांव सम्भालखी आयोजित स्वच्छता चौपाल में पहुंचे बतौर मुख्य अतिथि।
कुरुक्षेत्र (प्रमोद कौशिक,अमित )14 दिसंबर : स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पूरे विश्व में अपनी एक विशिष्ट पहचान है और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का नाम जोड़ने से अब जिला सीएम सिटी के रूप में भी जाना जाने लगा है। ऐसे में स्वच्छता के क्षेत्र में कुरुक्षेत्र की विशेष पहचान बने, इसके लिए शहरों के साथ-साथ गांवों में भी विशेष योजना व रणनीति बनाकर कार्य किए जाने की जरूरत है।
स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र रविवार को शाहाबाद विधानसभा के गांव सम्भालखी आयोजित स्वच्छता चौपाल मेें बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समाधान के लिए भी कहा। ग्रामीणों ने स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाइस चेयरमैन को आश्वासन देते हुए कहा कि इसके लिए उनका गांव पूरी तरह से तत्पर है और स्वच्छता में अग्रणी स्थान पर लाने के लिए पूरा सहयोग किया जाएगा।
सुभाष चंद्र ने कहा कि स्वच्छता एक सामाजिक जिम्मेदारी है। जिसके लिए हम सबको सामूहिक भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कुरुक्षेत्र जिला के सभी गांवों की सभी सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक व शैक्षणिक संस्थानों से इस मुहिम से जुड़ने और स्वच्छता को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपील की। इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि सतीश कुमार, सरपंच जरोली मोती लाल, छोटू सुड़पुर, सुशील, मनीष कुमार, विनोद कुमार, सरपंच अनीता देवी, हरबंस कौर, अधिवक्ता व युवा भाजपा नेता अशोक कुरलन आदि भी मौजूद रहे।




