समाज और राष्ट्र सेवा से बढ़कर नहीं है कोई कार्य : मीनाक्षी कांत

युवाओं से आह्वान- रेडक्रॉस की गतिविधियों से जुडकर जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनें।
भगवान परशुराम कॉलेज में चल रहे यूथ रेडक्रॉस कैंप के तीसरे दिन विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं जागरूकता गतिविधियों का किया आयोजन।
कुरुक्षेत्र, (प्रमोद कौशिक) 11 फरवरी : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के स्टेट अवॉर्डी मीनाक्षी कांत व रुद्रांश ने कहा कि समाज और राष्ट्र सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं है। आधुनिक समय में युवाओं की भूमिका अहम रही है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे रेडक्रॉस की गतिविधियों से प्रारंभ से ही जुड़ें, जिससे वे जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बन सकें।
जिला प्रशासन एवं रेडक्रॉस समिति के संयुक्त प्रयास से तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी चंडीगढ़ के सहयोग से उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के मार्गदर्शन में भगवान परशुराम कॉलेज में चल रहे यूथ रेड क्रॉस कैंप के तीसरे दिन विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत योग सत्र से हुई, जिसमें योग संस्थान हरियाणा से आए गुलशन कुमार ग्रोवर एवं मनीराम सैनी ने युवाओं को योग के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक संतुलन के लिए भी अत्यंत आवश्यक है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। फायर सेफ्टी पर आयोजित सत्र में कैप्टन गुरमेल सिंह ने युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने आगजनी या आपात स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रखने तथा दूसरों के जीवन की रक्षा करने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।
डाइटिशियन परिधि गौर ने स्वास्थ्य, संतुलित आहार और त्वचा देखभाल पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनियमित भोजन समय और अस्वस्थ खानपान की आदतें कई बीमारियों का कारण बनती हैं। अच्छी नींद, संतुलित आहार और सकारात्मक सोच को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताते हुए उन्होंने छोटे-छोटे बदलावों से जीवनशैली सुधारने पर बल दिया। साथ ही त्वचा संबंधी समस्याओं और उनके समाधान पर भी प्रकाश डाला। डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग ऑफिसर अंजू कश्यप ने फर्स्ट एड के माध्यम से दुर्घटनाओं में प्राथमिक सहायता प्रदान करने के तरीकों की जानकारी दी और युवाओं को आपात स्थिति में तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया। रेडक्रॉस सचिव श्याम सुंदर ने यूथ रेडक्रॉस की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी तथा सभी अतिथियों का स्वागत किया। कैंप डायरेक्टर सौरव तीर्खा ने कार्यक्रम में आए सभी वक्ताओं को सम्मानित किया।




