वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
सावन पूजन को लेकर श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर में तैयारियां।
कुरुक्षेत्र, 15 जुलाई : मारकंडा नदी के तट पर भगवान शिव के प्रिय भक्त ऋषि मारकंडेय की तपस्थली श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी में सावन महीने में होने वाले पार्थिव शिवलिंग अभिषेक एवं पूजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। सावन पूजन के लिए पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली इत्यादि सहित दूर दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। अखिल भारतीय श्री मारकंडेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि 22 जुलाई से सावन महीने के शुरू होने के साथ सावन पूजन प्रारम्भ हो रहा है। सावन पूजन समापन 19 अगस्त सोमवार को होगा। इस बार सावन महीने में 5 सोमवार पड़ रहे हैं। साथ ही सावन की शुरुआत और समापन दोनों ही सोमवार के दिन होने से बहुत ही दुर्लभ संयोग बना हुआ है। सावन महीना भगवान शिव को समर्पित होता है और ऐसी मान्यता है कि सावन महीने में भगवान शिव की पूजा करने से सभी तरह की मनोकामनाएं जल्दी ही पूरी हो जाती हैं। सावन में शिवलिंग के जलाभिषेक करने का विशेष महत्व होता है। महंत जगन्नाथ पुरी ने कहा कि संसार में सत्य भगवान शिव का स्वरूप है। जीवन में सत्य वाचन सदैव करना चाहिए। सत्य बोलने का सबसे सफल कार्य होता है कि हमको याद नहीं करना पड़ता कि हमें क्या व्यक्त करना है। महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि भगवान शिव कृपा के लिए पहला उपक्रम यही है कि हम सत्य का आश्रय ग्रहण करके अपने जीवन का निर्वाह करें। सत्य से बड़ा कोई धर्म नहीं है। इसलिए सत्य धर्म का आसरा लेकर हम अपने जीवन को परमपिता परमात्मा के चरणों में लगाकर नियम, संयम और सदाचार से अपना जीवन यापन करें। इस अवसर पर स्वामी संतोषानंद, बिल्लू पुजारी, डा. नरेंद्र कुमार, जगमीत सिंह, कुलजिंदर सिंह, कमलकांत इत्यादि भी मौजूद रहे।
महंत जगन्नाथ पुरी।