विधायकों को धमकी : स्पीकर ने माना लोकतंत्र के लिए चुनौती

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877

ज्ञान चंद गुप्ता ने पुलिस महानिदेशक समेत शीर्ष अधिकारियों के साथ की बैठक।
बोले – विधायक लाखों लोगों के प्रतिनिधि, उन्हें धमकी देने वालों की करें गहन जांच।
विधायकों की सुरक्षा के लिए आधुनिक हथियार उपलब्ध करवाने के भी निर्देश।

चंडीगढ़, 11 जुलाई :
हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने प्रदेश के विधायकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। इस सिलसिले में उन्होंने सोमवार को पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल, एडीजीपी सीआईडी आलोक मित्तल, एडीजीपी (कानून व्यवस्था) संदीप खिरवार और आईजी (सुरक्षा) सौरभ सिंह के साथ बैठक की। बैठक में तय हुआ कि जिन विधायकों को धमकियां मिली हैं, उनकी सुरक्षा में 4 या 5 अतिरिक्त सुरक्षा कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक हथियार भी उपलब्ध करवाएं जाएंगे। विधान सभा अध्यक्ष ने दूसरे विधायकों की सुरक्षा की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने विधायकों को आ रही धमकी भरी कॉल और मैसेज की उच्च स्तरीय जांच करने को भी कहा है।
विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को जान से मारने की धमकी देने वाले सीधे-सीधे लोकतांत्रिक व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक मात्र एक व्यक्ति नहीं है, बल्कि वह लाखों लोगों का प्रतिनिधि है। वह इन लोगों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। वे अनेक प्रकार की सार्वजनिक समस्याएं उठाते हैं। अगर उन्हें इस प्रकार की धमकियां मिलेंगी तो वह अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा पाएंगे। उन्होंने पुलिस विभाग के शीर्ष अधिकारियों को कहा कि जन-प्रतिनिधियों को सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जाएं।
इससे पहले विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखकर विधायकों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के विधायकों को देश-विदेश से धमकियां मिलने से वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनके परिवारों को लेकर भी विस अध्यक्ष ने चिंता प्रकट की है।
गौरतलब है कि हरियाणा के कई विधायकों ने धमकी भरी कॉल और मैसेज मिलने की शिकायत की है। विधान सभा अध्यक्ष ने इस मामलों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए प्रदेश सरकार से विधायकों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। इससे पूर्व उन्होंने शुक्रवार को भी पुलिस, गृह विभाग व खुफिया एजेंसियों के उच्च अधिकारियों के साथ भी बैठक की थी।
हरियाणा विधान सभा सचिवालय में सोमवार को पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करते हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता।

Read Article

Share Post

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Please rate

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

शहर की लंबित पड़ी सडक़ों के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द किया जाए शुरु : सुधा

Mon Jul 11 , 2022
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।दूरभाष – 9416191877 विधायक ने अधिकारियों की लेट-लतीफी पर लगाई फटकार।शहर में नालों की सफाई और बरसाती पानी के निकासी के कार्यों की भी ली फीडबैक। कुरुक्षेत्र 11 जुलाई : विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि शहर की लंबित सडक़ों के निर्माण कार्य को […]

You May Like

advertisement