सुशासन तिहार-2026 के तहत धमतरी जिले में शिविरों की शुरुआत, ग्रामीणों को मिला त्वरित लाभ

धमतरी, 04 मई 2026/ छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से “सुशासन तिहार-2026” के अंतर्गत जिले में समाधान शिविरों का शुभारंभ आज जनपद पंचायत धमतरी के ग्राम भोयना तथा जनपद पंचायत नगरी के ग्राम कुकरेल से किया गया। प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित इन शिविरों में भोयना क्लस्टर के 21 ग्राम एवं कुकरेल क्लस्टर के 17 ग्रामों के ग्रामीणों ने भाग लिया, जिससे बड़ी संख्या में हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिला। ग्रामीणीं ने समस्या, शिकायत संबंधी आवेदन दिए । जिनका निराकरण मौके पर, या परीक्षण उपरांत करने का आश्वासन संबंधित अधिकारियों ने दिया । विभागीय स्टॉल और लोगे के स्वास्थ्य की जाँच की गयी ।
जनपद पंचायत नगरी के कुकरेल में आयोजित शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सर्वा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री महेश गोटा सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जनपद पंचायत धमतरी के भोयना क्लस्टर में आयोजित शिविर में जनपद अध्यक्ष श्रीमती अंगीरा ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका देवांगन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों ही शिविरों में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र ठाकुर, एसडीएम, जनपद सीईओ तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सक्रिय रूप से शिविरों में भाग लेकर शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
कलेक्टर ने कुकरेल क्षेत्र के विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र एक महत्वपूर्ण कॉमर्शियल हब के रूप में विकसित होगा। भारतमाला एक्सप्रेस-वे परियोजना के प्रारंभ होने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि बगौद से कुकरेल तक फोरलेन सड़क निर्माण की दिशा में कार्य प्रस्तावित है तथा स्थानीय मांग के अनुरूप सहकारी बैंक की स्थापना भी शीघ्र की जाएगी। इसके अतिरिक्त आदिवासी छात्रावास भवन, कॉलेज एवं आईटीआई के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, साथ ही क्षेत्र में एक प्रारंभिक लाइब्रेरी की भी शुरुआत की गई है।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। इस दौरान किसानों को सॉयल हेल्थ कार्ड, पात्र परिवारों को राशन कार्ड सहित अन्य हितग्राहीमूलक सामग्रियों का वितरण किया गया। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभ प्राप्त करने की विस्तृत जानकारी भी ग्रामीणों को दी।
अध्यक्ष जिला पंचायत श्री अरुण सर्वा ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाएं सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रही हैं, जिससे पारदर्शिता और विश्वास में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री महेश गोटा ने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली है। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अंगीरा ध्रुव ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन का मूल उद्देश्य है, जिसे ये शिविर सफलतापूर्वक पूरा कर रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका देवांगन ने कहा कि शिविरों में महिलाओं, किसानों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी उत्साहजनक है तथा इससे ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी।

V V News Vaashvara

जितेंद्र पटेल छत्तीसगढ़ में रहने वाले एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे VV News Vaashvara के प्रशानिक सम्पादक हैं, जहां वे निष्पक्ष और जनहित पत्रकारिता को बढ़ावा देते हैं। पुलिस परिवार कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में, वे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की समस्याओं को उजागर कर समाधान के लिए सरकार तक पहुंचाते हैं, साथ ही उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा के लिए कई कार्यक्रम चलाते हैं। सूचना का अधिकार के प्रदेश सचिव के रूप में, जितेंद्र पटेल पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में काम करते हैं, जिससे आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और अधिकारों की जानकारी मिल सके। वे समाज में जागरूकता फैलाने, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और जरूरतमंद लोगों की मदद करने के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और हर वर्ग की आवाज को मंच देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

रेत के अवैध उत्खनन पर कड़ाई से रोक लगाने के निर्देश

Mon May 4 , 2026
उत्तर बस्तर कांकेर, 04 मई 2026/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर कड़ाई से रोक लगाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के उठाव के बाद शेष बचे हुए धान का भी उठाव संबंधी […]

You May Like

advertisement