दीपक शर्मा (जिला संवाददाता)
बरेली : सीबीगंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों के कारण एक महिला ने दुपट्टे से फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मेला देखकर लौटा उसका प्रेमी किसी तरह दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और फंदे पर झूल रही महिला को नीचे उतारा। तब तक महिला की मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक थाना सीबीगंज के बिधौलिया बड़ा बाग के गौंटिया की है। पुलिस के मुताबिक अपराह्न करीब 3:15 बजे सूचना मिली कि किराए के मकान में रह रही एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर थाना सीबीगंज से कस्बा इंचार्ज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। बताया जाता है कि मृतका आशिया (30) बिधौलिया स्थित बड़ा बाग गौंटिया में अपने प्रेमी के साथ करीब तीन माह से किराए के मकान में रह रही थी। मृतका का अपने पति से न्यायालय में विवाद चल रहा है। मृतका का निकाह 5 वर्ष पूर्व किला थाना क्षेत्र के रजा कॉलोनी में हुआ था। वहीं मृतका का मायका फतेहगंज पश्चिमी में है। मृतका के दो बच्चे हैं। 8 माह की मासूम बच्ची अपनी मां के तो दूसरा बच्चा पिता के रहता है।
बताया जा रहा है प्रेमी शेरगढ़ गांव में चेहल्लुम का मेला देखने गया था। इस दौरान मृतका ने उसे फोन भी किया था और प्रेमी ने जल्द कमरे पर लौटने की बात कही थी। जब वह वापस लौटा तो देखा कि गेट अंदर से बंद था। वह दीवार कूदकर अंदर घुसा और दरवाजा तोड़कर फांसी के फंदे से लटक रही महिला को नीचे उतारा लेकिन तब तक महिला की मृत्यु हो गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।