
देशभर के कवियों ने प्रस्तुत की श्रृंगार, वीर, हास्य-व्यंग्य और आंचलिक रचनाओं की सरस धारा
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : साहित्य सोम संगम सीतापुर के तत्वावधान में दिल्ली राज्य इकाई के पटल पर एक भव्य ऑनलाइन कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस साहित्यिक आयोजन में देशभर के विभिन्न राज्यों से जुड़े प्रतिष्ठित कवियों और शायरों ने अपनी प्रभावशाली रचनाओं की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में आंँचलिक बोलियों की मिठास, प्राकृतिक सौंदर्य, श्रृंगार रस, वीर रस, हास्य-व्यंग्य तथा समसामयिक विषयों पर आधारित गीत, ग़ज़ल, कविता और मुक्तकों की अनुपम प्रस्तुति हुई। व्यंग्य कवि अतुल कुमार शर्मा ने सम्भल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा भगवान कल्कि की अवतार भूमि पर आधारित रोचक रचना ने विशेष रूप से श्रोताओं का मन मोह लिया।
काव्य गोष्ठी में अंबेडकर नगर से फूलचन्द्र विश्वकर्मा, मंडला से प्रो. शरद नारायण खरे, मथुरा से रवीन्द्र पाल सिंह ‘रसिक’, दिल्ली से सान्त्वना, जोधपुर से डॉ. संजीदा खानम शाही, अनिता श्रीवास्तव, वीरेन्द्र पाठक, मधुलिका स्वरूप, कविता नामदेव, अतुल कुमार शर्मा, शांति राणा ‘शांति, सुनीता ममगाई, रमेश चन्द्र नंदवंशी, डॉ. संजू त्रिपाठी, बृजराज वर्मा, सुखराम शर्मा, नीलम पाण्डेय, पूनम दीक्षित, संजय कुमार सुमन, पुष्पराज धीमान ‘भुलक्कड़’ , मुकेश कुमार दीक्षित, बसन्त श्रीवास ‘बसंत’, सोनिया माथुर ‘रजनी’, भागीरथ सिन्हा तथा डॉ. खालिद हुसैन सिद्दीक़ ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से मंच को गौरवान्वित किया।
इस अवसर पर साहित्य सोम संगम सीतापुर के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक सोमेश तिवारी सोम ने दिल्ली राज्य इकाई की निरंतर बढ़ती साहित्यिक गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष संतलाल, सचिव भागीरथ सिन्हा तथा सहयोगी संजय कुमार सुमन के संगठन विस्तार और सशक्तीकरण में दिए जा रहे योगदान को विशेष रूप से प्रशंसनीय बताया।कार्यक्रम का समापन अध्यक्षीय उद्बोधन एवं प्रेरक संदेश के साथ हुआ। दिल्ली राज्य इकाई के सचिव, कवि, लेखक एवं पत्रकार भागीरथ सिन्हा ने सभी सहभागी साहित्यकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कामना की कि साहित्य सोम संगम सीतापुर की अविरल काव्यधारा निरंतर प्रवाहित होती रहे तथा सभी कलमकार स्वस्थ, प्रसन्नचित्त और सतत सृजनशील बने रहें।


