
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त निदेशक स्वास्थ्य कार्यालय, बरेली में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
1 जुलाई से जनपद बरेली में अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। अभियान के समन्वय में इनर व्हील क्लब ग्लोरी की चार्टर अध्यक्ष डॉ. मधु गुप्ता द्वारा विभिन्न , सामाजिक संस्थाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों को जोड़ते हुए लगातार वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान को जिला उद्यान अधिकारी श्री जितेंद्र का भी सतत सहयोग प्राप्त हो रहा है।
इसी क्रम में अतिरिक्त निदेशक स्वास्थ्य कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अपर निदेशक डॉ. सीमा अग्रवाल ने पौधारोपण कर किया। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक डॉ. तेजपाल सिंह, डॉ. मधु गुप्ता, डॉ. अखिलेश्वर, डॉ. गंगासरन, श्री नितेश, श्री प्रियंक, श्री अरुण, श्री हिरदेश, श्री शाहिद सहित एडी कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। सभी ने अधिक से अधिक लोगों को इस जन-अभियान से जोड़ने तथा हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।


