
मार्केट कमेटी चेयरमैन डा. गणेश दत्ता ने अनाज मंडी लाडवा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
किसानों को 72 घंटे में भुगतान के दिए निर्देश, खरीद एजेंसियों को उठान प्रक्रिया में तेजी लाने के भी दिए निर्देश।
लाडवा, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 18 अप्रैल : मार्केट कमेटी लाडवा चेयरमैन डा. गणेश दत्त ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश की अनाज मंडियों में सफलतापूर्वक गेहूं की खरीद हो रही है। मंडियों में गेहूं की आवक का कार्य जोरों पर चला हुआ है। सरकार द्वारा उठान होने के 48 घंटे में गेहूं की पेमेंट भी किसानों के खातों में भेजी जा रही है।
चेयरमैन डा. गणेश दत्त ने शनिवार को रबी सीजन 2026-27 के तहत गेहूं खरीद और उठान (लिफ्टिंग) कार्यों की समीक्षा के लिए लाडला अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में किसानों और आढ़तियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी विस्तृत आकलन किया। उन्होंने मंडी में गेट पास और बायोमेट्रिक प्रणाली की जांच की। उन्होंने अधिकारियों से गेहूं की आवक, खरीद और उठान से संबंधित विस्तृत जानकारी ली और किसानों व आढ़तियों से सीधा संवाद कर उनका फीडबैक भी प्राप्त किया। इस दौरान किसानों के मांगपत्र को लेते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों और आढ़तियों को आसानी से वेरिफिकेशन पूरा करने में मदद करने के लिए मंडी में कई जगहों पर बायोमेट्रिक मशीनें लगाई गई हैं। इसके अलावा, भीड़भाड़ से बचाव के लिए गेट पास जारी करने हेतु कई मोबाइल प्वाइंट भी स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश भी दिए कि किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीदी गई फसल का भुगतान 72 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को उठान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस मौके पर मंडी के सचिव संत कुमार भी मौजूद रहे।


