
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जन कल्याण शिविर का भाजपा प्रदेशाध्यक्षा डा. अर्चना गुप्ता ने किया उद्घाटन।
थानेसर,प्रमोद कौशिक/ संजीव कुमारी 12 जून : भाजपा प्रदेशाध्यक्षा डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
प्रदेशाध्यक्षा डा. अर्चना गुप्ता शुक्रवार को पंचायत भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सरकारी नीतियों व जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनकल्याण शिविर में बोल रही थी। उन्होंने रिबन काटकर शिविर का उद्घाटन किया। दीप प्रज्वलित करके प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इससे पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
प्रदेशाध्यक्षा डा. अर्चना गुप्ता ने पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा के साथ प्रशासन के डीएफएससी, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, वन विभाग, बागवानी विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, वीटा, कृषि एवं कल्याण विभाग, बिजली विभाग, आयुष, जिला समाज कल्याण विभाग और क्रिड की योजनाओं की जानकारी ली।
प्रदेशाध्यक्षा डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2014 में जब नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में देश की बागडोर संभाली थी, तब उन्होंने देशवासियों से आर्थिक विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत करने का संकल्प लिया था। पिछले 12 वर्षों में इन सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिनका परिणाम आज पूरे देश के सामने है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत विश्व की अर्थव्यवस्थाओं में 11वें स्थान पर था, जबकि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की ओर अग्रसर है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, मजबूत आर्थिक नीतियों और देशवासियों के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। पहले देश अपनी रक्षा आवश्यकताओं के लिए बड़े पैमाने पर विदेशों पर निर्भर था, लेकिन आज मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत भारत रक्षा उपकरणों और सैन्य तकनीक के निर्माण में आत्मनिर्भर बन रहा है। देश में निर्मित रक्षा उपकरणों का निर्यात भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे भारत की वैश्विक पहचान और मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर कार्य कर रही हैं तथा आने वाले वर्षों में भारत विश्व के अग्रणी देशों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।
इस मौके पर एसडीएम अमन कुमार, जिप सीईओ वीरेंद्र चौधरी, जिला प्रभारी दीपक शर्मा, जिलाध्यक्ष तिजेंद्र सिंह गोल्डी, चेयरमैन धर्मवीर डागर, चेयरमैन जवाहर सैनी, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, भाजपा नेता जयभगवान शर्मा डीडी, डीपी चौधरी, अजय गोयल, राहुल राणा सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


